
जबलपुर। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को टिकट लेने, प्लेटफॉर्म तक पहुंचने और खानपान की सुविधाओं में परेशानी न हो, इसके लिए जबलपुर रेल मंडल के वाणिज्य विभाग ने स्टेशन परिसर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता के निर्देशन में तथा सहायक वाणिज्य प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने आरक्षित-अनारक्षित टिकट काउंटरों, सर्क्युलेटिंग एरिया और प्लेटफॉर्म पर संचालित खानपान स्टॉलों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान स्वच्छता, सफाई व्यवस्था, खानपान की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के पालन पर जोर दिया गया। यात्रियों को ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान की जानकारी देने के लिए उद्घोषणा व्यवस्था को भी महत्वपूर्ण बताया गया। यात्री सुरक्षा मजबूत करने के लिए स्टेशन परिसर में अतिरिक्त रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) स्टाफ तैनात किया गया है। मंडल प्रशासन के अनुसार, यात्री सुविधाओं, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था की नियमित निगरानी के जरिए सेवाओं में सुधार किया जा रहा है।
