जबलपुर: माढ़ोताल थाना क्षेत्र में शातिर साइबर अपराधियों ने दो लोगों को अपनी ठगी का शिकार बनाया।। पहली घटना में ठग ने बिना किसी ओटीपी या लिंक के एक व्यक्ति के खाते से 60,000 साफ कर दिए। वहीं दूसरी घटना में एक युवती को वर्क फ्रॉम होम दिलाने के नाम पर 30,000 की चपत लगा दी। पुलिस ने दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि ग्रीनसिटी गजानन परिसर निवासी रमाकांत नेमा (53) अपने फोन-पे से पैसे ट्रांसफर कर रहे थे, तभी उनके मोबाइल पर पिन डालने का अलर्ट आया। हिस्ट्री चेक करने पर उनके खाते से 10-10 हजार के 6 ट्रांजैक्शन में कुल 60,000 कट चुके थे। पीड़ित ने न तो कोई ओटीपी शेयर किया था और न ही किसी लिंक पर क्लिक किया था। इसी प्रकार करमेता निवासी अंजलि जैन (29) ने लिंक्डइन पर वर्क फ्रॉम होम के लिए अप्लाई किया था। उनके पास सारिक नाम के व्यक्ति का कॉल आया, जिसने खुद को एचआर बताया। आरोपी ने री-जॉइनिंग और वेलकम किट के नाम पर क्यूआर कोड भेजकर अंजलि से कुल 30,000 ठग लिए।
