हादसे के बाद जागा निगम, राजबाड़ा स्थित एसबीआई भवन का जर्जर छज्जा हटाया

इंदौर: राजबाड़ा स्थित एसबीआई बैंक की बहुमंजिला इमारत के जर्जर छज्जे का हिस्सा गिरने की घटना के बाद नगर निगम ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए जर्जर छज्जे को हटाना शुरू कर दिया. गनीमत रही कि छज्जे का हिस्सा मुख्य मार्ग की ओर नहीं गिरा, वरना बड़ा हादसा हो सकता था. जर्जर छज्जे को लेकर नगर निगम को पहले भी शिकायत मिल चुकी थी और जनहानि की आशंका जताई गई थी.

जर्जर छज्जे को लेकर नवभारत द्वारा लगातार खबरें प्रकाशित कर निगम का ध्यान इस ओर दिलाया गया था. घटना के बाद आखिरकार निगम की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा की दृष्टि से जर्जर हिस्से को हटाने की कार्रवाई शुरू की. नगर निगम के भवन अधिकारी राहुल रघुवंशी ने बताया कि कुछ दिन पहले एसबीआई भवन के छज्जे का एक हिस्सा गिर गया था, इससे पहले भी निगम को शिकायत मिली थी कि जर्जर छज्जे के गिरने से जनहानि हो सकती है।

इस संबंध में बैंक प्रबंधन को नोटिस जारी कर छज्जे को हटाने और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे. उन्होंने बताया कि निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई नहीं होने और जनहानि की आशंका को देखते हुए निगम ने स्वयं जर्जर छज्जे को हटाने की कार्रवाई शुरू की है. भवन के अंदर किसी बड़ी संरचनात्मक समस्या की जानकारी नहीं मिली है. बाहर की ओर स्थित छज्जा बारिश और मौसम के प्रभाव से जर्जर हो गया था, जिसे सुरक्षा की दृष्टि से हटाया जा रहा है.

Next Post

दो दिन से बाघ गायब, 24 कैमरे भी खाली हाथ

Fri Oct 9 , 2026
सीहोर। शहर के आसपास बाघ की मौजूदगी को लेकर वन विभाग की चिंता बढ़ती जा रही है. पिछले दो दिनों से बाघ की कोई नई लोकेशन नहीं मिली है. हालांकि बाघ की तलाश में वन विभाग ने 24 ट्रैप कैमरे यानी 12 जोड़ी कैमरे अलग-अलग संभावित क्षेत्रों में लगाए हैं, […]

You May Like