
देवसर। देवसर की प्रतिभाशाली बेटी प्रगति पांडेय पुत्री कौशल पांडेय पूर्व सरपंच चटनिहा ने उत्तर प्रदेश के बरेली में आयोजित यूथ पार्लियामेंट के द्वितीय संस्करण में शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान हासिल कर सिंगरौली का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धि से देवसर सहित पूरे जिले में हर्ष का माहौल है।
कार्यक्रम में प्रगति ने मिर्जापुर की सांसद अनुप्रिया पटेल की भूमिका का प्रभावी निर्वहन किया। उन्होंने शिक्षा एवं विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर तार्किक और प्रभावशाली ढंग से अपनी बात रखी। उनके नेतृत्व कौशल, विषय की समझ, आलोचनात्मक चिंतन, आत्मविश्वास और प्रभावी संवाद शैली की सराहना की गई। कार्यक्रम में प्रगति को उनकी उपलब्धि के लिए सम्मानित भी किया गया। मुख्य अतिथि बरेली के मेयर डॉ. उमेश गौतम तथा विशिष्ट अतिथि प्रो. भावना जुनेजा और यूथ आइकॉन पार्थ गौतम ने उन्हें सम्मानित किया। प्रगति ने बताया कि यूथ पार्लियामेंट में उन्हें शिक्षा एवं विकास के विषय पर अपने विचार रखने का अवसर मिला। उन्होंने विकसित भारत के निर्माण के संदर्भ में विषयों को तार्किक ढंग से प्रस्तुत करने तथा संसदीय प्रक्रिया के अनुरूप प्रभावी संवाद स्थापित करने का प्रयास किया।
