ब्रेकअप के बाद डॉक्टर ने प्रेमिका और उसके भाई पर चलाई गोली, फिर की आत्महत्या की कोशिश

भोपाल। गांधीनगर थाना क्षेत्र के पतंजलि परिसर में मंगलवार रात प्रेम-प्रसंग का विवाद खूनी वारदात में बदल गया. पूर्व प्रेमिका को दोबारा संबंध बनाने के लिए मनाने पिस्टल लेकर पहुंचे डॉक्टर ने उसके इनकार करने पर उस पर गोली चला दी. गोली युवती के माथे को छूकर निकल गई. बीच-बचाव करने आए उसके भाई पर भी डॉक्टर ने फायर कर दिया. गोली उसके पेट और सीने को छूती हुई निकल गई. दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई. फायरिंग के बाद आरोपी डॉक्टर वहां से भागकर अपने घर पहुंचा और बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर फंदा लगाकर झूल गया. दूसरी मंजिल पर रहने वाले पड़ोसी की नजर उस पर पड़ गई. उसने तत्काल डॉक्टर को फंदे से नीचे उतारा और अस्पताल पहुंचाया. समय रहते मदद मिलने से युवती, उसका भाई और डॉक्टर तीनों की जान बच गई. आरोपी डॉक्टर अब भी अस्पताल में इलाजरत है. पुलिस के अनुसार आरोपी डॉक्टर नवीन रुहेला मूल रूप से राजगढ़ का रहने वाला है. वह आरकेडीएफ में पीजी की पढ़ाई कर रहा है और पढ़ाई के साथ मिनाल रेसीडेंसी क्षेत्र में क्लीनिक भी संचालित करता है. नवीन पतंजलि परिसर में ही रहता है. इसी कॉलेज में पीजी कर रही डॉक्टर श्वेता ठाकुर से उसका करीब दो साल से प्रेम संबंध था. श्वेता मूल रूप से गुजरात के सूरत की रहने वाली हैं और पतंजलि कॉलोनी में रहती हैं. दोनों करीब डेढ़ साल तक साथ रहे, लेकिन छह महीने पहले उनका अलगाव हो गया था.

रिश्ते से इनकार पर चला दी गोली

पुलिस के अनुसार श्वेता रविवार रात अपने चचेरे भाई आशुतोष ठाकुर के साथ गुजरात से भोपाल लौटी थीं. इधर, नवीन भी पिछले दिनों दोस्तों के साथ नैनीताल घूमने गया था. नवीन लंबे समय से श्वेता को दोबारा संबंध बनाने के लिए मनाने की कोशिश कर रहा था. मंगलवार रात करीब 11 बजे वह पिस्टल लेकर श्वेता के घर पहुंचा. वहां पहले दोनों के बीच बातचीत हुई. श्वेता के संबंध सुधारने के लिए तैयार नहीं होने पर विवाद बढ़ गया. नवीन कमरे में घुसा और पिस्टल से श्वेता पर फायर कर दिया. गोली उसके माथे को छूकर निकल गई. श्वेता के भाई आशुतोष ने बीच-बचाव की कोशिश की तो नवीन ने उस पर भी गोली चला दी. गोली नीचे से ऊपर की दिशा में गई और उसके पेट व सीने को छूते हुए निकल गई. दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया. उपचार के बाद देर रात उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई और उन्हें छुट्टी दे दी गई.

दोनों पर गोली चलाने के बाद खुद फंदे पर झूल गया

फायरिंग के बाद नवीन वहां से भागकर अपने घर पहुंचा. इसके बाद उसने खुदकुशी का प्रयास किया. घर में पंखा नहीं होने के कारण वह बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर पहुंचा और करीब 10 फीट लंबी रस्सी से फंदा बनाकर खुद को लटका लिया. दूसरी मंजिल पर रहने वाले पड़ोसी की नजर उस पर पड़ी तो उसने तत्काल नवीन को फंदे से नीचे उतारा. इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.

सुसाइड नोट में लिखा-मेरी अर्थी को तुम ही आग लगाना 

पुलिस को आरोपी नवीन के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है. इसमें उसने अपने रिश्ते और प्रेमिका के कथित तौर पर वादा पूरा नहीं करने का जिक्र किया है. नोट में लिखा है- ‘मैं इतने दिनों से तुम्हारे साथ रहा. तुम अपने वादे से पीछे हट गई हो. अब मैं जा रहा हूं. मेरी अर्थी को तुम ही आग लगाना, शायद इससे तुम्हें खुशी मिले. पुलिस इस नोट को भी जांच का हिस्सा बना रही है. नोट में लिखी बातों और वारदात से पहले दोनों के बीच हुई बातचीत की भी पड़ताल की जा रही है.

दो खोखे मिले, हत्या के प्रयास का केस दर्ज

गांधीनगर पुलिस को मंगलवार रात करीब 11:30 बजे पहले फायरिंग की सूचना मिली. इसके ठीक दस मिनट बाद आरोपी के फंदे पर झूलने की जानकारी मिली. घटनास्थल से देशी पिस्टल से चलाए गए दो कारतूसों के खोखे जब्त किए गए हैं. पुलिस ने देशी पिस्टल भी जब्त कर ली है. युवती और उसके भाई के बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपी डॉक्टर नवीन के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है. फिलहाल नवीन अस्पताल में उपचाररत है. पुलिस मामले में फायरिंग की वजह, पिस्टल उसके पास कैसे पहुंची और वारदात से पहले दोनों के बीच हुई बातचीत सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है

Next Post

चीन ने यूरोपीय संघ से व्यापारिक चिंताओं पर बातचीत का आग्रह किया

Wed Oct 7 , 2026
बीजिंग, 07 अक्टूबर (वार्ता) चीन ने बुधवार को यूरोपीय संघ (ईयू) से व्यापार संबंधी चिंताओं को बातचीत और परामर्श के जरिए हल करने का आग्रह किया। यह अपील फ्रांस और जर्मनी द्वारा ईयू के व्यापार संबंधी उपायों को मजबूत करने की मांग के बीच आयी है। चीनी विदेश मंत्रालय के […]

You May Like