बीजिंग, 07 अक्टूबर (वार्ता) चीन ने बुधवार को यूरोपीय संघ (ईयू) से व्यापार संबंधी चिंताओं को बातचीत और परामर्श के जरिए हल करने का आग्रह किया। यह अपील फ्रांस और जर्मनी द्वारा ईयू के व्यापार संबंधी उपायों को मजबूत करने की मांग के बीच आयी है।
चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने कहा कि चीन और ईयू की औद्योगिक एवं आपूर्ति शृंखलाएं ‘अत्यधिक एकीकृत और परस्पर निर्भर’ हैं तथा दोनों के आर्थिक और व्यापारिक संबंध पारस्परिक रूप से लाभकारी हैं।
उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों को बातचीत के जरिए अपनी चिंताओं का समाधान करते हुए वैश्विक औद्योगिक और आपूर्ति शृंखलाओं को स्थिर बनाए रखने तथा चीन-ईयू व्यापार संबंधों के स्वस्थ विकास को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम करना चाहिए।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन को लिखे संयुक्त पत्र में ईयू के व्यापारिक साधनों को मजबूत करने का आह्वान किया था। उन्होंने आपूर्ति शृंखलाओं में निर्भरता और उभरते जोखिमों से निपटने के लिए कदम उठाने की मांग की।
यह घटनाक्रम ईयू के व्यापार आयुक्त मारोस सेफकोविच की बीजिंग यात्रा से पहले हुआ है। वह चीन के वाणिज्य मंत्री वांग वेंटाओ से बृहस्पतिवार और शुक्रवार को मुलाकात करेंगे। ईयू ऑटोमोबाइल, चिकित्सा उपकरण और कृषि-खाद्य उत्पादों समेत कई क्षेत्रों में प्रगति चाहता है।
वर्ष 2025 में ईयू ने चीन से 559.4 अरब यूरो का सामान आयात किया, जबकि चीन को 199.6 अरब यूरो का निर्यात किया। इससे ईयू को 359.8 अरब यूरो का वस्तु व्यापार घाटा हुआ।
