इंदौर: अन्नपूर्णा क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से चेन लूटने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के साथ लूटी चेन खरीदने वाले सुनार को भी गिरफ्तार किया है. पुलिस ने करीब 16 किलोमीटर के रास्ते में लगे 500 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की. उनकी निशानदेही पर करीब 10 ग्राम की सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा जब्त की गई है.
2 अक्टूबर को महिला किराना दुकान से सामान लेकर लौट रही थी, तभी एक्टिवा सवार दो युवकों ने पीछे से आकर उसके गले से सोने की चेन झपट ली थी. रिपोर्ट के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर फुटेज खंगाले. इसके बाद भागीरथपुरा निवासी अनुराग सुनहरे उम्र 21 साल और अमित कोरी उम्र 18 साल को पकड़ा गया. दोनों के खिलाफ पहले से आपराधिक रिकॉर्ड भी हैं.
पूछताछ में आरोपियों ने चेन लूटना कबूल किया. पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चेन बरामद की और इसे खरीदने वाले भागीरथपुरा निवासी चिराग अहिरवार उम्र 23 साल को भी गिरफ्तार किया. वारदात के समय एक्टिवा बिना नंबर की थी. पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपियों ने बाद में उस पर नंबर प्लेट और रेडियम लगा दिया था. थाना प्रभारी हित गोपाल यादव का कहना है कि 500 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों तक पहुंचा गया. लूटी गई चेन, एक्टिवा और चेन खरीदने वाले आरोपी को पकड़ा है. मामले में आरोपियों से अन्य वारदातों को लेकर भी पूछताछ की जा रही है.
