शिवपुरी: शिवपुरी से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक जीवित महिला को दस्तावेजों में मृत घोषित कर दिया गया। महिला अपने पति और छोटे बच्चे के साथ खुद को जिंदा साबित करने के लिए दफ्तरों के चक्कर लगा रही है। इस वजह से उन्हें काफी परेशानी हो रही है।यह मामला शिवपुरी जिले की बैराड़ तहसील के जरियाकला गांव का है। यहां रहने वाले भारत जाटव अपनी पत्नी को सरकारी दस्तावेजों में दोबारा जिंदा दर्ज कराने के लिए दरफ्तरों के चक्कर लगा रहे हैं। सरकारी रिकॉर्ड में उनकी पत्नी को मृत घोषित कर दिया गया है जिसकी वजह से परिवार के राशन कार्ड में उनका नाम नहीं जुड़ पा रहा है।
भारत जाटव ने बताया कि 5 साल पहले उनकी शादी शुक्रवती से हुई थी। शादी के कुछ साल बाद तक उनका नाम उनके मायके दुल्हारा गांव के राशन कार्ड में ही दर्ज रहा। जब वह पत्नी का नाम जरियाकला पंचायत में अपने परिवार राशन कार्ड में जुड़वाने पहुंचे। तब यह खुलासा हुआ कि शुक्रवती को मृत घोषित कर दिया गया है। राशन कार्ड में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया के दौरान जब रिकॉर्ड की जांच की गई तब दस्तावेजों में महिला के मृत होने की जानकारी सामने आई। भारत का कहना है कि खाद्यान्न पर्ची और समग्र आईडी को जोड़ने की प्रक्रिया के दौरान उनका नाम हटाया गया था। इस दौरान गलती से उन्हें मृत दर्ज कर दिया गया है। इस वजह से आधार कार्ड और समग्र आईडी के रिकॉर्ड में भी परेशानी आ रही है।
दंपति का कहना है कि जीवित होने के बाद भी सरकारी रिकॉर्ड में मृत दर्ज होने के वजह से कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार संबंधित कार्यालय में जाकर आवेदन देकर रिकॉर्ड सही करने का प्रयास कर रहे हैं। तहसील से लेकर जनपद पंचायत और थाने तक के चक्कर लगा चुके हैं। इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं मिल रहा है।
