शतरंज की चालों से निखर रही विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता, पांच शासकीय विद्यालयों में संचालित हो रहे शतरंज क्लब

नीमच। विद्यार्थियों में तार्किक चिंतन, एकाग्रता, निर्णय क्षमता एवं रणनीतिक सोच विकसित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में नीमच जिले के शासकीय विद्यालयों में शतरंज क्लबों का संचालन किया जा रहा है। सितंबर 2026 से प्रारंभ हुई इस अभिनव पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को शतरंज जैसे बौद्धिक खेल से जोडक़र उनकी मानसिक क्षमता, समस्या समाधान कौशल एवं निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

इस पहल के अंतर्गत जिले के पांच शासकीय विद्यालयों में शतरंज क्लब प्रारंभ किए गए हैं। इनमें शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जावी, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अठाना, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नीमच, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मनासा तथा शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुकड़ेश्वर शामिल हैं।

इन विद्यालयों में विद्यार्थियों द्वारा नियमित रूप से शतरंज का अभ्यास किया जा रहा है। साथ ही, उन्हें शतरंज की बारीकियों, खेल की रणनीतियों एवं बेहतर निर्णय लेने के तरीकों से परिचित कराया जा रहा है। विद्यालयों में संचालित इन क्लबों के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न शतरंज प्रतियोगिताओं में सहभागिता के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।इस पहल के तहत चयनित पांचों विद्यालयों को शतरंज बोर्ड एवं शतरंज क्लॉक उपलब्ध कराए गए हैं।

शतरंज के नियमित अभ्यास से विद्यार्थियों में एकाग्रता, धैर्य, तार्किक विश्लेषण, दूरदर्शिता एवं परिस्थितियों के अनुरूप निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिला प्रशासन की यह पहल विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनके बौद्धिक एवं व्यक्तित्व विकास को भी प्रोत्साहित कर रही है।

Next Post

दिल्ली की हवा और हुई जहरीली, 14 निगरानी केंद्रों में दर्ज हुआ 'गंभीर' श्रेणी का प्रदूषण

Wed Nov 4 , 2026
नयी दिल्ली, 04 नवंबर (वार्ता) राजधानी दिल्ली का वायु प्रदूषण ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) के चरण-दो के प्रतिबंधों के लागू होने के बावजूद बुधवार को और गंभीर हो गया। राजधानी की वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी रही और कई निगरानी केंद्रों पर प्रदूषण का स्तर ‘गंभीर’ श्रेणी […]

You May Like