तेहरान, 03 अक्टूबर (वार्ता) ईरान ने तेहरान-बगदाद के बीच वाणिज्यिक हवाई यातायात पर लगाये गये प्रतिबंधों की निंदा की है और दो पड़ोसी देशों के बीच हवाई परिवहन एवं वाणिज्यिक संबंधों को बाधित करने के लिए अमेरिका के “क्षेत्राधिकार से बाहर के” प्रतिबंधों को जिम्मेदार ठहराया है।
एक अक्टूबर को जारी बयान में ईरानी विदेश मंत्रालय ने कहा कि प्रतिबंधों से यात्रियों, मरीजों, छात्रों और व्यवसायों पर असर पड़ रहा है और दोनों देशों के बीच सामान्य हवाई मार्गों बहाल करने का आह्वान किया और कहा, “दोनों देशों के बीच हवाई यातायात पर लगाये गये प्रतिबंध अस्वीकार्य हैं।”
ईरान ने कहा कि वह और इराक “गहरे ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और जन-जन के संबंधों” को साझा करते हैं और तर्क दिया कि व्यापार, पर्यटन, धार्मिक यात्राओं, शिक्षा तथा चिकित्सा उपचार के लिए दोनों देशों के बीच नागरिकों की आवाजाही महत्वपूर्ण है।
मंत्रालय ने अमेरिकी प्रतिबंधों की भी आलोचना और कहा कि वे राष्ट्रीय संप्रभुता और अंतरराष्ट्रीय कानून को कमजोर करते हैं।
बयान में कहा गया है कि ईरान का इस्लामी गणराज्य अमेरिका की आर्थिक और दादागिरी वाली नीतियों से निपटने के लिए उचित उपाय अपनाने का आह्वान करता है, ताकि प्रतिबंधों को हटाया जा सके और दोनों देशों तथा सरकारों के हित में आपस में सामान्य हवाई मार्ग बहाल किया जा सके।
ईरान ने बयान में अपने इस रुख को दोहराया कि इराक की राष्ट्रीय संप्रभुता का सम्मान करते हुए दोनों देशों के बीच सामान्य हवाई संपर्क बहाल किया जाना चाहिए।
