
नारायणगंज। मुख्यालय से कुछ ही दूरी पर स्थित ग्राम पंचायत खैरी के बैगा टोला में महीनों से टूटी पड़ी सड़क ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है। पीएचई विभाग ने पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क को खोदा था, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद भी इसकी मरम्मत अब तक नहीं की गई। नतीजतन सड़क मलबे और कीचड़ के ढेर में बदल गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों के विकास के लिए सरकार कई योजनाएं चलाती है, लेकिन भ्रष्ट ठेकेदारों और लापरवाह अधिकारियों की मिलीभगत से लाभ जनता तक नहीं पहुंच पाता। बैगा टोला की यह जर्जर सड़क इस उदासीनता का स्पष्ट उदाहरण है।
हाल ही में त्योहार के दौरान भी लोगों को इसी कीचड़ भरी सड़क से होकर गुजरना पड़ा, जिससे उनकी खुशियां फीकी पड़ गईं। ग्रामीण लगातार जीर्णोद्धार की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी आवाज अनसुनी है। फिलहाल बैगा टोला के लोग मलबा और कीचड़ से भरी सड़क पर जीवनयापन को मजबूर हैं, जबकि जिम्मेदार विभागों की चुप्पी लापरवाही को और गहरा रही है।
