मड़वास: मड़वास रेलवे स्टेशन में निर्धारित समय से अधिक समय तक खड़ी बस के आगे आटो लगाकर बस रोकी गई। बस की मनमानी टाइमिंग का आटो चालकों ने विरोध किया।जानकारी के अनुसार मड़वास रेलवे स्टेशन से होकर कई यात्री ट्रेनें गुजरती हैं। ट्रेनों के ठहराव के दौरान सैकड़ों की संख्या में यात्रियों के चढऩे उतरने का कार्य रोजाना होता है। सवारियों की मंशा में काफी संख्या में आटो भी मड़वास रेलवे स्टेशन में ढेरा जमाये रहते हैं। वहीं यात्रियों की सुविधा को लेकर कामेश्वर बस सर्विस की तीन बसें भी रेलवे स्टेशन यात्रियों को लेने के लिये पहुंचती हैं।
अलग-अलग समय में उक्त बसें आती हैं। रविवार दोपहर करीब 12 बजे कामेश्वर बस के रेलवे स्टेशन परिसर में काफी देर से खड़ी होने को लेकर आटो चालकों द्वारा विरोध शुरू कर दिया गया। करीब दर्जन भर आटो बस के आगे लगाकर चालकों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। आटो चालकों द्वारा बस के ड्राईवर एवं कंडक्टर से विरोध व्यक्त करते हुये कहा कि बस का टाइम रेलवे स्टेशन में आने का निर्धारित है। निर्धारित समय के बाद भी आखिर यह बस क्यों खड़ी है। मनमानी समय में रेलवे स्टेशन परिसर में बस के खड़ी होने से आटो चालकों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है।
आटो चालकों द्वारा बस ड्राइवर, कंडक्टर के अलावा रेलवे प्रशासन से भी इसकी शिकायत की गई।
तत्संबंध में आटो चालक लाल खान, मोनू सिंह बघेल, नीरू यादव, मुकेश सेन, रज्जू यादव, मनोज मिश्रा, राजन तिवारी आदि का कहना था कि जब बस का टाइम निकल जाता है तो उसके बाद आखिर बस रेलवे स्टेशन परिसर में क्यों खड़ी रहती है। रेलवे परिसर में बस के खड़े रहने से हम लोगों की कमाई में भारी असर पड़ता है। जिसको लेकर यह विरोध प्रदर्शन करना उनकी मजबूरी थी। बाद में पुलिस की समझाइस पर मामला शांत हुआ और आगे से ऐसी स्थिति निर्मित न हो की समझाइस दी गई।
इनका कहना है
मेरे तीन बसें मड़वास रेलवे स्टेशन में चलती हैं। पहली बस का टाइम 7 बजे, दूसरी बस का 8:30 बजे एवं तीसरी बस का टाइम 10:30 बजे है। रविवार को जो बस 10:30 बजे जाती है कुछ खराबी के कारण लेट हो गई थी, उसी के चलते आटो चालक विवाद करने लगे। थाना प्रभारी मड़वास को इसकी सूचना दी गई तब मामला शांत हुआ।
कामेश्वर विनीत द्विवेदी, बस मालिक
मड़वास रेलवे स्टेशन में आटो और बस के विवाद का मामला सामने आया था। लिखित शिकायत आवेदन थाने तक नहीं आया। फोन के माध्यम से घटना की जानकारी मिली थी।
भूपेश वैस, थाना प्रभारी मड़वास
