सतना: जिला प्रशासन, ट्रैफिक विभाग एवं नगर पालिक निगम सतना द्वारा शहर में अतिक्रमण के विरुद्ध संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को हॉस्पिटल रोड एवं सिविल लाइन क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई करते हुए सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर यातायात व आवागमन में बाधक अतिक्रमण हटाए गए।
इस दौरान अतिक्रमण कर रखी गई सामग्री को हटाकर जब्ती की कार्रवाई भी की गई। संयुक्त कार्रवाई के दौरान एसडीएम राहुल सिलाढीया, ट्रैफिक टीआई श्रीमती पूनम रावत एवं नगर निगम के अतिक्रमण अधिकारी दीपक बागरी सहित अतिक्रमण और ट्रैफिक विभाग की टीम उपस्थित रही। जनसंपर्क अधिकारी नगर निगम धीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि शहर में अतिक्रमण के विरुद्ध संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेगा। इसी क्रम में सेमरिया चौराहा क्षेत्र में भी जल्द अतिक्रमण निरोधक कार्रवाई की जाएगी।
निगमायुक्त ने की अपील
नगर निगम आयुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा ने नागरिकों एवं व्यवसायियों से अपील की है कि सड़क, फुटपाथ एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अतिक्रमण को स्वयं हटा लें। उन्होंने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और आमजन के आवागमन को सुविधाजनक बनाने में सभी सहयोग करें।
