पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में आत्मघाती हमला: 12 की मौत, 35 घायल; शव ले जा रही एम्बुलेंस पर भी गोलीबारी

इस्लामाबाद, 26 सितंबर (वार्ता) पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा राज्य के डेरा इस्माइल खान जिले में शनिवार को विस्फोटक से भरी एक गाड़ी को पुलिस जांच चौकी से टकराकर भीषण आत्मघाती विस्फोट को अंजाम दिया गया। इस हमले में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और 35 अन्य घायल हो गए।

आपातकालीन सेवा के प्रवक्ता बिलाल फैजी के अनुसार, यह विस्फोट डेरा इस्माइल खान के दरज़िंदा क्षेत्र स्थित अमन मेला चेकपोस्ट पर हुआ। मृतकों में नौ पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एक हमलावर ने बारूद से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीधे पुलिस चेकपोस्ट में घुसा दिया। डेरा इस्माइल खान के जिला पुलिस अधिकारी (डीपीओ) जियाउद्दीन अहमद ने पुष्टि की कि यह एक आत्मघाती हमला था। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि चेकपोस्ट का एक बड़ा हिस्सा नष्ट हो गया और पास का एक मकान पूरी तरह ढह गया।

एक अन्य दुखद घटना में, जब आपातकालीन कार्यकर्ता पीड़ितों के शवों को पास के अस्पताल ले जा रहे थे, तब बंदूकधारियों ने एम्बुलेंस को निशाना बनाकर अंधाधुंध गोलीबारी कर दी, जिसमें दो बचाव कार्यकर्ताओं की मौत हो गई।

प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।

राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने शनिवार को हुए इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा की और पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। राष्ट्रपति जरदारी ने टीटीपी के खिलाफ सैन्य अभियानों को तेज करने का आह्वान किया और आरोप लगाया कि यह संगठन विदेशी समर्थन से जघन्य और बर्बर कृत्यों को अंजाम दे रहा है।

उल्लेखनीय है कि डेरा इस्माइल खान दक्षिण वजीरिस्तान के पास स्थित है, जो कभी आतंकवादियों का गढ़ रहा है। पिछले कुछ वर्षों में पाकिस्तान में उग्रवादी हिंसा में भारी वृद्धि देखी गई है, जिसके लिए टीटीपी और बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) को जिम्मेदार ठहराया जाता रहा है।

You May Like