
सीधी । रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद ने जिले के खरीदी केंद्र कंधवार कटौली का आकस्मिक निरीक्षण कर समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन कार्य की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र पर मौजूद किसानों से सीधे चर्चा कर उनकी समस्याएं, अनुभव और आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को किसानों की सुविधा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने खरीदी केंद्र पर तौल, भंडारण, परिवहन तथा किसानों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। किसानों से संवाद करते हुए उन्होंने खरीदी प्रक्रिया, भुगतान व्यवस्था और केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। किसानों द्वारा साझा की गई समस्याओं और सुझावों पर उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कमिश्नर बीएस जामोद ने केंद्र पर उपलब्ध उपज के परिवहन की स्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अगले दो दिनों के भीतर 90 प्रतिशत उपज का परिवहन सुनिश्चित किया जाए, ताकि खरीदी केंद्रों पर अनावश्यक भंडारण की स्थिति न बने और किसानों को अपनी उपज विक्रय करने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि समर्थन मूल्य उपार्जन की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, व्यवस्थित और समयबद्ध होनी चाहिए।
कमिश्नर ने अधिकारियों से कहा कि शासन की प्राथमिकता किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य समय पर उपलब्ध कराना है। खरीदी केंद्रों पर किसानों को लंबी प्रतीक्षा, अव्यवस्था या किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी मेहनत का सम्मान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इस दौरान कलेक्टर विकास मिश्रा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, उपखंड अधिकारी मझौली विकास आनंद सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
