नगर निगम दमकल विभाग में सेंध, वायरलेस और उपकरण चोरी

सतना: शहर में कानून-व्यवस्था और विभागीय लापरवाही को उजागर करने वाली एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां कोलगवां थाने के ठीक सामने स्थित नगर निगम के दमकल स्टेशन में दिनदहाड़े चोरी हो गई। यह घटना बुधवार शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है, जिसने सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार चोरी स्टेशन प्रभारी कौशलेंद्र सिंह के चेंबर से हुई है।

उस समय ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ में विनीत राव और आशीष सिंह शामिल थे, बावजूद इसके चोर बड़ी आसानी से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि चोर करीब 5 वायरलेस सेट, एक इमरजेंसी मोबाइल, चार्जर सहित अन्य जरूरी उपकरण अपने साथ ले गए। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद इसकी शिकायत संबंधित थाने में दर्ज नहीं कराई गई है। सूत्रों का कहना है कि विभागीय स्तर पर मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। इस पूरे घटनाक्रम में प्रभारी फायर अधिकारी सुलभ पाठक की निष्क्रियता भी सामने आ रही है, जिसके चलते इस तरह की वारदात दिनदहाड़े हो गई.

गौरतलब है कि जिस समय यह चोरी हुई, उसी दौरान नगर निगम कमिश्नर शेर सिंह मीणा फायर शाखा की एक महत्वपूर्ण बैठक नगर निगम कार्यालय में ले रहे थे। ऐसे में यह सवाल और भी गहरा हो जाता है कि जब विभागीय अधिकारी मीटिंग में व्यस्त थे, तब स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से कैसे ध्वस्त हो गई। इस घटना ने न केवल दमकल विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि यह भी साफ कर दिया है कि चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे थाने के सामने भी वारदात को अंजाम देने से नहीं डर रहे। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और जिम्मेदारों पर क्या कदम उठाए जाते हैं। वहीं सूत्रों का कहना है चोरी करने या करवाने में विभाग के मैदानी स्तर के कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध है।

Next Post

सोने के विवाद में ज्वेलर और कारीगर की ठानी , मामला थाने पहुंचा

Thu Apr 2 , 2026
सतना:शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में 500 ग्राम सोने के लेनदेन को लेकर विवाद का मामला सामने आया है, जिसमें एक ज्वेलर ने कुछ लोगों पर दबाव बनाकर झूठे प्रकरण में फंसाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर मामले […]

You May Like