इंदौर: शहर के इंद्रपुरी क्षेत्र में बिजली और इंटरनेट/केबल के तारों का बेतरतीब जाल स्थानीय लोगों और यहां रहने वाली छात्राओं के लिए चिंता का विषय बन गया है. क्षेत्र में कई गर्ल्स हॉस्टल संचालित हैं, लेकिन सड़क के ऊपर बिजली के पोल पर उलझे तार किसी बड़े हादसे को न्योता देते दिखाई दे रहे हैं.एक ही पोल पर दर्जनों तार बिना किसी व्यवस्थित प्रबंधन के लटके हुए हैं. कई तार आपस में उलझे हैं और कुछ नीचे की ओर झूल रहे हैं. बारिश और तेज हवा के दौरान ऐसी स्थिति शॉर्ट सर्किट, आग लगने या तार टूटने जैसी घटनाओं का कारण बन सकती है.
स्थानीय निवासी एवं गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली एमए एग्रीकल्चर की अभ्यर्थी दिशा टैगोर ने बताया हम रोज़ इसी रास्ते से कोचिंग और हॉस्टल आते-जाते हैं. बिजली और केबल के तार इतने उलझे हुए हैं कि हर समय डर बना रहता है. बारिश या तेज हवा के दौरान स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है. हमें हमेशा किसी दुर्घटना की आशंका रहती है. प्रशासन को जल्द से जल्द इन तारों को व्यवस्थित कराना चाहिए. संबंधित केबल ऑपरेटर संयुक्त अभियान चलाकर इन तारों को व्यवस्थित करें, बेकार तारों को हटाएं और पोलों की सुरक्षा जांच कराएं, ताकि भविष्य में किसी दुर्घटना से बचा जा सके.
बिजली विभाग का पक्ष
बिजली वितरण कंपनी के शहरी कार्यकारी अभियंता मनेंद्र गर्ग ने बताया कि विभाग समय-समय पर अवैध एवं अव्यवस्थित केबलों के खिलाफ अभियान चलाता है. ऑपरेटरों को निर्धारित मानकों के अनुसार ही सिंगल केबल लगाने की अनुमति है. यदि कहीं नियमों का उल्लंघन कर तारों के गुच्छे बनाए जाते हैं तो संबंधित ऑपरेटरों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी.
