एकादशी पर मंदिरों में भजन-कीर्तन, भक्तिमय हुआ माहौल

इंदौर: कृष्ण पक्ष की एकादशी के पावन अवसर पर इंदौर के बर्फानी धाम स्थित खाटू श्याम मंदिर में सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली. मंदिर परिसर ‘हारे के सहारे, बाबा श्याम हमारे’ के जयघोष और भजन-कीर्तन से पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा. श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से बाबा खाटू श्याम के दर्शन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की.

मंदिर में इस अवसर पर बाबा खाटू श्याम का विशेष श्रृंगार किया गया. रंग-बिरंगे फूलों, आकर्षक पोशाक और मनमोहक अलंकरण से सजे बाबा के दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं. पूरे दिन भजन-कीर्तन एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर बाबा का गुणगान किया. मंदिर के पुजारियों एवं सेवकों ने बताया कि प्रत्येक एकादशी पर विशेष पूजा-अर्चना, श्रृंगार एवं संकीर्तन का आयोजन किया जाता है. इस दिन दूर-दूर से श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं और अपनी मनोकामनाएं लेकर आते हैं. वहीं, एकादशी के अवसर पर मंदिर प्रशासन एवं स्वयंसेवकों द्वारा दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे. श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्वक दर्शन कर धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया. पूरे दिन मंदिर परिसर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण से गूंजता रहा.

खाटू श्याम में अटूट आस्था
श्रद्धालु दीपिका तोमर ने बताया कि उनकी बाबा खाटू श्याम में अटूट आस्था है. उनका कहना है कि बाबा के दरबार से कोई भी भक्त खाली हाथ नहीं लौटता. सच्चे मन से मांगी गई हर मनोकामना बाबा अवश्य पूरी करते हैं. उन्होंने बताया कि ऐसी मान्यता है कि बाबा की कृपा से निसंतान दंपतियों को भी संतान सुख की प्राप्ति होती है, इसलिए यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपनी श्रद्धा लेकर पहुंचते हैं.

श्रद्धालुओं की रहती है भीड़
वहीं श्रद्धालु विकास तोमर ने बताया कि प्रत्येक एकादशी पर मंदिर में इसी प्रकार श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहती है. विशेष रूप से शुक्ल पक्ष की एकादशी और अमावस्या के अवसर पर भक्तों की संख्या कई गुना बढ़ जाती है. उन्होंने बताया कि अमावस्या के दिन मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाता है, जिसमें हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करते हैं

Next Post

इंदौर में बहुमंजिला इमारतों पर लागू हुआ नया टैक्स

Sat Jul 11 , 2026
इंदौर: राज्य सरकार द्वारा जनवरी 2022 में जारी गजट नोटिफिकेशन से नगर निगम को 3 सौ करोड़ की आय होने की संभावना है। इसके तहत अब नगर निगम सीमा में निर्मित बहुमंजिला इमारतों को निगम कॉलोनी सेल में आश्रय निधि जमा करके एनओसी लेना अनिवार्य है. निगम को आश्रय निधि […]

You May Like