जबलपुर: बरगी थाना थाना अंतर्गत जबलपुर-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को आरटीओ की चेकिंग के दौरान दो ट्रकों की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें एक ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना से गुस्साए लोगों ने आरटीओ टीम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इसके बाद हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और आक्रोशिजनों को समझाइश दी लेकिन गुस्साएं लोग कार्रवाई की मांग पर अड़ गए हालांकि बाद में लिखित शिकायत दी जिसके बाद चक्काजाम समाप्त हुआ।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब तीन बजे बरगी में आरटीओ की टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सडक़ से गुजर रहे एक ट्रक क्रमांक केए 63 9431 ने चेकिंग के कारण अचानक अपनी गति धीमी की, तभी पीछे से आ रहे एक अन्य तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक आर जे 18 जीबी 2795 ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि पीछे वाले ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका चालक उसमें फंस गया। राहगीरों ने लोगों की मदद से घायल चालक को बाहर निकाला गया और तुरंत इलाज के लिए एक निजी अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
फूटा गुस्सा, आरटीओ टीम के खिलाफ नारेबाजी
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों और वाहन चालकों का आरोप है कि आरटीओ विभाग द्वारा हाईवे के अंधाधुंध मोड़ों या व्यस्त जगहों पर अचानक चेकिंग लगा दी जाती है। इसी वजह से यह हादसा हुआ। आक्रोशित लोगों ने आरटीओ की चेकिंग का कड़ा विरोध करते हुए सडक़ के बीचों-बीच प्रदर्शन शुरू कर दिया और चक्काजाम कर दिया। देखते ही देखते हाईवे पर भारी वाहनों का पहिया थम गया।
पुलिस ने दी समझाइश, जांच शुरू
हादसे और चक्काजाम की खबर मिलते ही बरगी पुलिस तत्काल भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। शुरुआत में लोगों में भारी आक्रोश था, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने मोर्चा संभालते हुए प्रदर्शनकारियों को शांत कराया। लिखित शिकायत ली। पुलिस ने निष्पक्ष जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद लगा जाम खुल सका। पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
