
ब्यावरा। गांधी जयंती पर शुक्रवार सुबह शहर में साइकिलों का कारवां नजर आया। लायंस क्लब ब्यावरा की ओर से आयोजित ‘पेडल फॉर स्वच्छ ब्यावरा, स्वस्थ ब्यावरा’ साइक्लोथॉन में करीब 500 लोगों ने 12 किमी साइकिल चलाकर स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
साइक्लोथॉन को राज्य मंत्री नारायण सिंह पंवार और जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सोंधिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एसी गार्डन से शुरू हुई साइकिल यात्रा भारत माता चौराहा, पीपल चौराहा, इंदौर नाका और भोपाल बाईपास होते हुए वापस एसी गार्डन पहुंची। यात्रा के दौरान बच्चों, युवाओं और शहरवासियों में खासा उत्साह नजर आया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक रामचंद्र दांगी, पूर्व राज्यमंत्री बद्रीलाल यादव और नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन कुशवाह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
मंत्री ने भी थामी साइकिल, अध्यक्ष, सीईओ और एसडीओपी ने पूरी की यात्रा
हरी झंडी दिखाने के बाद राज्य मंत्री नारायण सिंह पंवार ने भी कुछ दूरी तक साइकिल चलाकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष चंदरसिंह सोंधिया, जिला पंचायत सीईओ इच्छित गढ़पाले और एसडीओपी श्रीप्रकाश शर्मा ने प्रतिभागियों के साथ पूरी 12 किमी साइकिल यात्रा पूरी की। पूरी यात्रा के दौरान प्रशासन और नगरपालिका की टीम और एम्बुलेंस भी मौजूद रही।
लकी ड्रॉ में बच्चे की निकली किस्मत, मिला लैपटॉप
साइक्लोथॉन में प्रतिभागियों के लिए लकी ड्रॉ भी रखा गया। प्रथम पुरस्कार के रूप में हैरम विजयवर्गीय को लैपटॉप मिला। अन्य विजेताओं को भी आकर्षक पुरस्कार दिए गए।
सफाईकर्मियों का सम्मान
यात्रा के पश्चात लायंस क्लब द्वारा नगरपालिका ब्यावरा के सफाईकर्मियों का सम्मान भी किया गया। क्लब के अनुसार सफाईकर्मी ही स्वच्छ ब्यावरा के असली हीरो हैं। इसलिए उनका सम्मान सबसे जरूरी है।
लायंस क्लब ब्यावरा के अनुसार साइक्लोथॉन का उद्देश्य शहरवासियों को स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी से आयोजन सफल रहा।
