
नयी दिल्ली, 28 सितंबर (वार्ता) युवा कांग्रेस ने पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में उत्पन्न स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार से मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच सुनिश्चित कर छात्रों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की मांग की है।
युवा कांग्रेस ने सोमवार को यहां एक बयान में कहा कि यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बाद स्थिति हिंसा, तोड़फोड़, आगजनी और पुलिस के साथ झड़पों तक पहुंच गई। इस पूरे घटनाक्रम ने छात्रों की सुरक्षा, महिला छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था, संस्थागत जवाबदेही तथा छात्रों की शिकायतों से निपटने के तरीके को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
सूत्रों ने बताया कि संस्थान में यौन उत्पीड़न के आरोप के संबंध में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल का गठन किया गया है। पुलिस ने कहा है कि मामले में फॉरेंसिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और फोन डेटा की जांच की जाएगी। वहीं, विश्वविद्यालय ने ऐसी किसी घटना के घटित होने से इनकार किया है।
युवा कांग्रेस ने कहा कि इन परस्पर विरोधी दावों के बीच स्वतंत्र, पारदर्शी और समयबद्ध जांच बेहद आवश्यक है। किसी भी आरोप को बिना साक्ष्य के सत्य नहीं माना जाना चाहिए, लेकिन छात्रों की चिंताओं को भी बिना विश्वसनीय जांच के खारिज नहीं किया जाना चाहिए। मौजूदा स्थिति के दौरान छात्रों और उनके परिवारों के साथ सीधे खड़े होने के उद्देश्य से युवा कांग्रेस ने ‘लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी सहायता केंद्र’ शुरू किया है। संगठन ने कहा कि यह केंद्र छात्रों और उनके परिजनों को आवास के साथ ही कानूनी सहायता, यात्रा सहायता, चिकित्सा सहायता या किसी अन्य आपातकालीन मदद उपलब्ध कराएगा।
