
पचोर / राजगढ़। अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा जिला राजगढ़ के तत्वाधान में 2 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर शिक्षकों ने एकजुटता दिखाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
सुबह पुराने बस स्टैंड स्थित धरना स्थल से गांधी चौक तक रैली निकाली गई। रैली में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जयकारों के साथ शिक्षक नारेबाजी करते हुए तहसील कार्यालय पहुंचे और तहसीलदार महोदय को मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन के नाम 3 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।
मोर्चा के जिला संयोजक रामबाबू भिलाला, चंदरसिंह तोमर, भगवान सिंह रणावत और सुरेश दांगी ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर 27 सितंबर से भोपाल में संभागवार क्रमिक धरना जारी है। उसी क्रम में जिला स्तर पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
*प्रमुख मांगें -*
1. शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को पूर्ण रूप से समाप्त किया जाए।
2. नवीन शिक्षक संवर्ग को प्रथम नियुक्ति दिनांक (शिक्षाकर्मी/संविदा) से वरिष्ठता व पुरानी पेंशन, ग्रेच्युटी, जीपीएफ, अवकाश नगदीकरण का लाभ दिया जाए।
3. अव्यावहारिक ई-अटेंडेंस प्रणाली को तुरंत बंद किया जाए।
इस दौरान रामभजन राठौड़ झालापुर, संतराम सिंह कुरावर, चन्द्रेश, दिलीप गुर्जर, बाबूकुमार सिंह खींची, शांतिलाल नवलंबर, नरेन्द्र शर्मा, मांगीलाल चौहान, प्रेम सिंह परमार, भरत गोयल, दिनेश शाक्यवार, कैलाश टेलर, फूलसिंह दांगी, धनश्याम अखाड़ी, दीनबंधु शर्मा, भगवान सिंह गुर्जर सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।
