बुधनी।गुरुवार शाम नव निर्मित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण में बाधा बन रही दुकान को हटाने के लिए राजस्व विभाग, नगर परिषद और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. कार्रवाई के दौरान दुकान संचालक और अधिकारियों के बीच जमकर नोकझोंक हुई, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढऩे के दौरान दुकान संचालक के परिवार की महिला ने खुद पर पेट्रोल डालने का प्रयास किया. मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने महिला को रोक लिया. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया. दुकान संचालक विपिन दिवाकर का कहना है कि वह लंबे समय से भूमि पर काबिज हैं. हाल ही में भूमि नगर परिषद को आवंटित की गई है और भूमि से संबंधित मामला न्यायालय में विचाराधीन है, जिसमें निर्णय होना बाकी है. संचालक का आरोप है कि न्यायालय का निर्णय आने से पहले प्रशासन द्वारा उन्हें बेदखल करने का प्रयास किया जा रहा है.
स्थिति तनावपूर्ण होने के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई रोकते हुए दुकान संचालक को 5 अक्टूबर तक की समय सीमा दी है. सीएमओ के अनुसार निर्धारित समय सीमा के बाद नियमानुसार सख्ती से कार्रवाई की जाएगी. कार्रवाई के दौरान तहसीलदार राकेश खजूरिया, थाना प्रभारी सुनील ठाकुर, नगर परिषद सीएमओ डॉ. प्रशांत जैन सहित प्रशासनिक अमला मौजूद था.
