
शाजापुर। शाजापुर जिले के शुजालपुर में विभिन्न कार्यों के भूमिपूजन और लोकार्पण के लिए आए प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश को बीमारु राज्य कांग्रेस ने बनाया था। भाजपा सरकार ने प्रदेश को बीमारु राज्य से बाहर किया. सीएम ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर वार करते हुए कहा कि आजादी के बाद मध्यप्रदेश को अब तक का सबसे रद्दी अध्यक्ष मिला. सीएम मोहन यादव यहीं नहीं रुके. उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी दो कौड़ी के हैं. जो खुद विधानसभा चुनाव हार गए, जिनके नेतृत्व में लोकसभा चुनाव बुरी तरह हारे. यहां तक कि इंदौर लोकसभा में वे अपना प्रत्याशी नहीं बचा पाए और भाजपा से मुकाबला करने का ढोंग रच रहे हैं. सीएम ने कहा कि जीतू पटवारी मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं. प्रदेश में 20 साल कांग्रेस की सरकार नहीं आएगी.
गौरतलब है कि शुजालपुर में रोड शो के बाद आमसभा को संबोधित करते हुए मोहन यादव ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर सबसे बड़ा हमला बोलते हुए उन्हें अब तक का सबसे रद्दी अध्यक्ष कह दिया. उन्होंने कहा कि मैं अभिनंदन लाल हूं, मुझे गर्व है, मगर तुम टपोरीलाल हो. कांग्रेस पर जबरदस्त हमला करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस में एक से एक ढपोलशंख है. शुजालपुर में सांदिपनी विद्यालय और आयुर्वेदिक कॉलेज एवं चिकित्सालय के भूमिपूजन एवं लोकार्पण में आए थे. इस अवसर पर शुजालपुर विधायक इंदरसिंह परमार, शाजापुर विधायक अरुण भीमावद, सांसद महेंद्र सोलंकी, प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष श्याम टेलर, कालापीपल विधायक घनश्याम चंद्रवंशी, जिलाध्यक्ष रवि पांडे आदि मौजूद थे.
किसानों के साथ सुनी मोदी के मन की बात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 134वें संस्करण के सीधे प्रसारण को जवाहरलाल नेहरू स्मृति शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, शुजालपुर में किसानों और स्थानीयजनों के साथ का श्रवण किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का मन की बात एक प्रभावी मंच है, जो राष्ट्र और नागरिकों की उपलब्धियों को उजागर करता है. इसके बाद मुख्यमंत्री ने कॉलेज चलो अभियानश् का शुभारंभ किया. इस अभियान का मुख्य उद्देश्य राज्य के युवाओं को उच्च शिक्षा की ओर प्रेरित करना, कॉलेज ड्रॉपआउट दर को कम करना तथा ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना है.
