सागर। रानी अवन्तीबाई लोधी विश्वविद्यालय की ‘एनएसएस इकाई’ एवं ‘सेवा संकल्प अभियान’ की टीम द्वारा ‘पौधारोपण एवं स्वच्छता कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुलसचिव प्रो. शक्ति जैन ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल किताबी ज्ञान देने का केंद्र नहीं होता, बल्कि यह समाज को नई दिशा देने वाले जिम्मेदार नागरिकों के निर्माण की कार्यशाला भी है। स्वच्छता और पौधारोपण हमारे पर्यावरण और आने वाले भविष्य से जुड़ा हुआ है। वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन, बढ़ता प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग जैसी चुनौतियाँ हमारे समक्ष खड़ी हैं। इन संकटों से निपटने का सबसे सरल और प्रभावी उपाय पौधारोपण है। पौधारोपण एवं अपने वातावरण को स्वच्छ कर हम एक स्वस्थ्य एवं स्वच्छ वातावरण का निर्माण कर सकते हैं । कार्यक्रम में विश्वविद्यालय परिसर में पौधारोपण एवं परिसर की सफाई की गई। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के समस्त शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
