सीहोर। शादी समारोह के दौरान जेवर चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के कब्जे से करीब 3 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के गहने भी बरामद किए हैं.
प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी मोहन वर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 अप्रैल को उनके बच्चों का विवाह समारोह मुरली रोड स्थित राजा भोज गार्डन में आयोजित था. कार्यक्रम के दौरान कमरे में रखे बैग से उनकी भतीजियों के कीमती जेवर अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिए गए. शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की.
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी दीपक शुक्ला ने विशेष टीम गठित कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए.पुलिस को सूचना मिली एक संदिग्ध युवक चोरी के गहनों के साथ देखा गया है. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने जेवर चोरी करना स्वीकार कर लिया. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए सभी जेवर जिनकी कीमत लगभग 3 लाख रुपए बताई जा रही है, बरामद कर लिए हैं.
