होगान का शतक, ऑस्ट्रेलिया ने आयरलैंड को आठ विकेट से पीटा

विंडहोक, 16 जनवरी (वार्ता) स्टीवन होगान (नाबाद 115) की शानदार शतकीय पारी और उनकी नितेश सैमुअल (नाबाद 77) के साथ दूसरे विकेट के लिए 186 रन की जबरदस्त साझेदारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने पुरुष अंडर-19 विश्व कप के पांचवें मुकाबले में शुक्रवार को आयरलैंड को 62 गेंद शेष रहते आठ विकेट से पीट दिया।

आयरलैंड ने रॉब ओ’ब्रायन (79 ) और फ्रेडी ओगिल्बी (49) की जुझारू पारियों के दम पर सात विकेट पर 235 रन का सम्मानजक स्कोर बनाया लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने 39.4 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 237 रन बनाकर एकतरफा अंदाज में मुकाबला जीत लिया।

होगान ने 111 गेंदों पर 115 रन की पारी में 11 चौके और एक छक्का लगाया। नितेश ने होगान का बखूबी साथ देते हुए 101 गेंदों पर 77 रन में एक भी बॉउंड्री नहीं लगाई। ओलिवर पीक 15 रन पर नाबाद रहे। विल मालाजुक 22 रन बनाकर आउट हुए।

इससे पहले आज यहां ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी आयरलैंड के लिए फ्रेडी ओगिल्बी और जेम्स वेस्ट की सलामी जोड़ी ने धीमी शुरुआत के साथ पहले विकेट के लिए 36 रन जोड़े। 10वें ओवर में जॉन जेम्स ने जेम्स वेस्ट (11) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद 18वें ओवर में सेबेस्टियन डिज्क्स्ट्रा (12) रन बनाकर पवेलियन लौट गये।

चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आये रॉब ओ’ब्रायन ने फ्रेडी ओगिल्बी के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया। इसी दौरान विल मलाजुक ने फ्रेडी ओगिल्बी (49) को आउटकर आयरलैंड को तीसरा झटका दिया। एडम लेकी (22) और मार्को बेट्स (14) रन बनाकर आउट हुये। आयरलैंड का छठा विकेट रॉब ओ’ब्रायन के रूप में 49वें ओवर में गिरा। रॉब ओ’ब्रायन ने 98 गेंदों में नौ चौके लगाते हुए 79 रन बनाये। आयरलैंड ने निर्धारित 50 ओवरों में सात विकेट पर 235 रन का स्कोर बनाया ।

ऑस्ट्रेलिया के लिए चार्ल्स लचमुंड ने तीन विकेट लिये। बेन गॉर्डन, जॉन जेम्स और विल मालाजुक ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

 

Next Post

फंदा टोल प्लाजा हादसा: कर्मचारी की मौत के बाद चक्काजाम, मुआवजे के आश्वासन पर खुला जाम

Fri Jan 16 , 2026
सीहोर। भोपाल-इंदौर मार्ग पर स्थित फंदा टोल प्लाजा पर बीती रात ड्यूटी के दौरान एक कर्मचारी की ट्रक के नीचे दबने से दर्दनाक मौत हो गई. इस घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शुक्रवार की दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव को टोल प्लाजा पर रखते हुए चक्काजाम कर दिया, […]

You May Like