इंदौर:अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग की पलासिया वृत्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को पकड़ा है. उसके कब्जे से दोपहिया वाहन में रखी 78 हजार 800 रुपए कीमत की शराब बरामद हुई.आबकारी की टीम शहर के अलग अलग क्षेत्रों में गश्त कर रही थी. इसी दौरान संदेह के आधार पर दोपहिया वाहन नम्बर एमपी 09 ईवी 3055 को रोककर तलाशी ली गई, वाहन से शराब मिली.
चालक विनोद पिता स्वर्गीय देवी सिंह निवासी गरीब नवाज कॉलोनी, छोटा बांगड़दा शराब से संबंधित कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. इसके बाद आबकारी टीम ने शराब और वाहन जब्त कर विनोद को मौके से गिरफ्तार कर लिया. आबकारी उप निरीक्षक प्रियंका रानी चौरसिया ने बताया कि मामले में प्रकरण दर्ज कर शराब के स्रोत और उसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जांच की जा रही है.
