प्रदेश के विकास और विरासत को नई ऊँचाई : मुख्यमंत्री ने गुढ़ में किया भैरवनाथ मंदिर का लोकार्पण

रीवा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और आधुनिक विकास के समन्वय को एक नई दिशा दी जा रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार जहाँ एक ओर आस्था के केंद्रों को भव्य स्वरूप दे रही है, वहीं दूसरी ओर लाड़ली बहनों की आर्थिक मजबूती और किसानों की समृद्धि के साथ ‘इंडस्ट्रियल क्लस्टर’ के जरिए युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार भी खोल रही है. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रीवा के गुढ़ में भैरवनाथ मंदिर का विधिवत लोकार्पण किया. मुख्यमंत्री ने श्रद्धा भाव से ओत-प्रोत होकर कहा कि भैरवनाथ मंदिर एक अद्भुत और अलौकिक स्थान है, जिसका प्राकृतिक सौंदर्य अपने भीतर एक हजार साल पुराना गौरवशाली इतिहास समेटे हुए है. उन्होंने मंदिर में स्थापित दिव्य प्रतिमा की महत्ता बताते हुए कहा कि बाबा भैरवनाथ की यह भव्य प्रतिमा ऐसी प्रतीत होती है मानो वे अपने दोनों हाथ उठाकर भक्तों को आशीर्वाद प्रदान कर रहे हों. यह न केवल आस्था का केंद्र है, बल्कि हमारी प्राचीन विरासत का जीवंत प्रमाण भी है.

सनातन संस्कृति का वैभव: अयोध्या से चित्रकूट तक विकास की नई गाथा: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने कहा कि सनातन धर्म की अद्भुत माया और इसकी वैश्विक व्यापकता है. यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर का निर्माण हुआ. आज यह मंदिर हमारी आस्था और अलौकिक आनंद का केन्द्र है. प्राचीन मंदिरों को वर्षों तक आक्रमणकारियों ने नष्ट किया. आजादी के बाद सरदार वल्लभ भाई पटेल के प्रयासों से सोमनाथ के मंदिर का भव्य का पुनर्निर्माण हुआ. हमारी सरकार धार्मिक स्थलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है. प्रदेश में ओरछा, मैहर, चित्रकूट सहित 13 भव्य लोकों का निर्माण किया जा रहा है. विन्ध्य की पावन धरा सदैव से सनातन धर्म का केन्द्र रही है. विन्ध्य की गोद में बसे चित्रकूट में भगवान राम ने वनवास के 11 वर्ष से अधिक का समय बिताया. चित्रकूट में सरकार तीन हजार करोड़ रुपए के विकास कार्यों के साथ वनवासी रामलोक का निर्माण कर रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए सांदीपनि विद्यालयों को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है, ताकि आने वाली पीढ़ी अपनी जड़ों और संस्कृति से जुड़ी रहे.

सशक्त बहना और समृद्ध किसान

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की आर्थिक समृद्धि का खाका खींचते हुए लाड़ली बहनों और अन्नदाताओं के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई. उन्होंने हर्ष व्यक्त किया कि लाड़ली बहना योजना की राशि को एक हजार रुपये से बढ़ाकर अब 1500 रुपये तक पहुँचा दिया गया है, जो महिलाओं के स्वावलंबन में मील का पत्थर साबित हो रही है. किसानों को ‘अन्न भंडार भरने वाला’ बताते हुए उन्होंने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि और मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के संयुक्त प्रयास से किसानों को अब 12 हजार रुपये की वार्षिक सहायता सीधे उनके खातों में मिल रही है. साथ ही, बेहतर विद्युत व्यवस्था और सोलर पंपों की उपलब्धता ने किसानों की खेती को सुगम और लाभप्रद बना दिया है. हम इस वर्ष किसान वर्ष मना रहे हैं. किसान को समृद्ध करने और खेती के विकास में सरकार पूरा सहयोग करेगी.

गुढ़ के सर्वांगीण विकास का संकल्प: स्वास्थ्य, सुरक्षा और रोजगार की नई उड़ान

क्षेत्रीय विकास को नई गति देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुढ़ विधानसभा के लिए घोषणाओं की झड़ी लगा दी. उन्होंने गुढ़ और गोविंदगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में पोस्टमार्टम केंद्र की स्थापना तथा गोविंदगढ़ में एक्सरे मशीन की सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा की, जिससे स्थानीय निवासियों को चिकित्सा सेवाओं के लिए भटकना न पड़े. मुख्यमंत्री ने भैरवनाथ में पुलिस चौकी खोलने तथा गुढ़ में 100 एकड़ में औद्योगिक केन्द्र के विकास की घोषणा की. इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा आर्थिक विकास होगा. तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक विश्रामगृह के निर्माण की भी घोषणा की गई. मुख्यमंत्री ने भैरवनाथ मंदिर के समीप एक हजार गौवंश के लिए गौशाला निर्माण की भी घोषणा की. मुख्यमंत्री ने कहा कि भैरवनाथ मंदिर परिसर के विकास से जुड़े कार्य प्राथमिकता से कराये जायेंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा मेरी ससुराल है इसलिए यहाँ से मेरा विशेष नाता है.

मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में विंध्य का पूरे देश में नाम हो रहा है: राजेन्द्र शुक्ल

समारोह में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि गुढ़ क्षेत्र के लिए भैरवनाथ और कष्टहरनाथ मंदिर आस्था के केन्द्र हैं. गुढ़ में सोलर प्लांट स्थापना के बाद उसके सीएसआर मद से इन दोनों मंदिरों में विकास के कार्य किए गए हैं. गुढ़ में तीन सौ एकड़ क्षेत्र में औद्योगिक विकास केन्द्र स्थापित किया गया है. रीजनल इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव से विन्ध्य में तेजी से निवेश बढ़ा है. भैरवनाथ लोक के लोकार्पण के साथ-साथ मुख्यमंत्री जी संजय गांधी हास्पिटल में 322 करोड़ रुपए की लागत के विस्तारीकरण कार्य और 200 बेड कैंसर हास्पिटल का शिलान्यास भी करने जा रहे हैं. अब विन्ध्य के कैंसर रोगियों को उपचार के लिए बड़े महानगर नहीं जाना पड़ेगा. मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में विन्ध्य का पूरे देश में नाम हो रहा है.

नए युग का सूत्रपात हो रहा है: सांसद

समारोह में सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि भैरवनाथ लोक के निर्माण के साथ ही नए युग का सूत्रपात हो रहा है. सांसद ने मुख्यमंत्री जी से विन्ध्य की लंबित सिंचाई परियोजनाओं का कार्य तेजी से पूरा कराने का अनुरोध किया. समारोह में स्वागत उद्बोधन देते हुए विधायक गुढ़ नागेन्द्र सिंह ने क्षेत्र के विकास के संबंध में विभिन्न मांगे रखीं. विधायक श्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री के विशेष प्रयासों से भैरवनाथ मंदिर का निर्माण हुआ है. मुख्यमंत्री ने कन्यापूजन करके बेटियों का सम्मान किया. समारोह में मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं से हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया तथा मेरिट में स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया.

ये रहे उपस्थित

समारोह में विधायक देवतालाबगिरीश गौतम, विधायक त्योंथर सिद्धार्थ तिवारी, विधायक मनगवां नरेन्द्र प्रजापति, अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती नीता कोल, भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता, पूर्व मंत्री पुष्पराज सिंह, पूर्व विधायक श्यामलाल द्विवेदी, केपी त्रिपाठी, श्रीमती पन्नाबाई प्रजापति, पंचूलाल प्रजापति तथा स्थानीय जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे. समारोह में कमिश्नर बीएस जामोद, आईजी गौरव सिंह राजपूत, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे. कार्यक्रम का सफल संचालन संदीप पाण्डेय ने किया.

Next Post

परासिया नगर पालिका अध्यक्ष विनोद मालवीय भाजपा से 6 साल के लिए निष्कासित

Sat Jan 31 , 2026
छिंदवाड़ा। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए परासिया नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष विनोद मालवीय को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है। यह कार्रवाई भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर की गई। जिला भाजपा अध्यक्ष शेषराव यादव […]

You May Like