बायपास पेट्रोल पंप पर डकैती की तैयारी कर रहे पांच बदमाश पकड़े

इंदौर: बायपास स्थित पेट्रोल पंप को निशाना बनाने की तैयारी कर रहे पांच बदमाशों को कनाड़िया पुलिस ने वारदात से पहले ही पकड़ लिया. आरोपी देर रात एचआर रिसोर्ट बायपास के पास खाली मैदान में हथियारों के साथ जुटे थे और पेट्रोल पंप पर डकैती डालने की योजना बना रहे थे. पुलिस ने मौके से उनके पास से दराता, सब्बल, लोहे की टामी, हथौड़ी, पेचकस और मिर्च पाउडर बरामद किया है. पकड़े गए बदमाशों में राणा मकवाना के खिलाफ पहले से तीन और दीपक रघुवंशी के खिलाफ एक आपराधिक मामला दर्ज है.

पुलिस को बुधवार 30 सितंबर की देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि एचआर रिसोर्ट के पास बायपास सर्विस रोड के खाली मैदान में चार-पांच युवक हथियारों से लैस होकर बैठे हैं और एबी रोड बायपास स्थित पेट्रोल पंप पर डकैती डालने की तैयारी कर रहे हैं. सूचना मिलते ही कनाड़िया पुलिस की दो टीमें थाना प्रभारी सहर्ष यादव के नेतृत्व में मौके के लिए रवाना हुईं. पुलिस टीमों ने मैदान के आसपास घेराबंदी की. कुछ दूरी पर पांच युवक गोल घेरा बनाकर आपस में बातचीत करते दिखाई दिए. पुलिस के पहुंचते ही उन्होंने भागने का प्रयास किया, लेकिन दोनों टीमों ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया. भागते समय गिरने से राणा मकवाना के दाहिने हाथ के पंजे में चोट भी आई. पकड़े गए आरोपियों की पहचान राणा पिता मदननाथ मकवाना उम्र 22 साल, निवासी सपेरा कॉलोनी उमरीखेड़ा, तेजाजीनगर, दीपक पिता रघुवीर रघुवंशी उम्र 21 साल, निवासी तीन इमली बस स्टैंड के पीछे काकंड, भंवरकुआं, श्याम सोलंकी पिता राजू सोलंकी उम्र 18 साल, निवासी नौमील चौकीढाणी, सिमरोल, सोहन पिता विष्णुनाथ उम्र 19 साल, निवासी सपेरा कॉलोनी उमरीखेड़ा, तेजाजीनगर और श्याम पिता बिहारीलाल उम्र 28 साल, निवासी तीन इमली चितावद, भंवरकुआं के रूप में हुई. तलाशी के दौरान राणा के पास से लोहे का दराता मिला. दीपक के पास पुष्प कंपनी का 100 ग्राम मिर्च पाउडर मिला, जिसकी कीमत 77 रुपए बताई गई है. श्याम सोलंकी के पास पीले हत्थे वाला पेचकस और करीब दो फीट लंबी लोहे की टामी मिली, जिसके आगे का सिरा मुड़ा हुआ था. सोहन के पास लोहे की हथौड़ी और श्याम बिहारीलाल के पास करीब चार फीट लंबा लोहे का सब्बल मिला.

पुलिस ने सभी सामग्री जब्त कर ली. पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ डकैती की तैयारी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि वे किस पेट्रोल पंप को निशाना बनाने वाले थे, वारदात में किसी अंदरूनी व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं और उनके साथ कोई अन्य बदमाश भी जुड़ा है या नहीं. एडीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि पांचों आरोपी पेट्रोल पंप पर डकैती की तैयारी कर रहे थे. समय रहते सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें हथियारों के साथ पकड़ लिया. आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. उनके पुराने मामलों के साथ यह भी पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने हाल में किसी अन्य वारदात को अंजाम तो नहीं दिया है.

राणा पर एनडीपीएस से लेकर लूट तक के केस

एडीसीपी ने बताया कि राणा मकवाना के खिलाफ पहले से तीन मामले दर्ज हैं. लसूड़िया थाने में उसके खिलाफ 2016 में एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज हुआ था. 2017 में इसी थाने में अपहरण, दुष्कर्म सहित धाराओं में केस दर्ज हुआ. 2022 में तेजाजीनगर थाने में लूट, रास्ता रोकने और आपराधिक साजिश से जुड़ा मामला दर्ज हुआ था. वहीं दीपक रघुवंशी के खिलाफ 2024 में भंवरकुआं थाने में आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ था. श्याम सोलंकी, सोहन और श्याम बिहारीलाल का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड पुलिस को नहीं मिला है.

Next Post

लोक निर्माण मंत्री ने दुर्घटना में घायल स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य की ली जानकारी

Thu Oct 1 , 2026
जबलपुर: कार और स्कूल वेन की टक्कर में घायल हुए बच्चों के समुचित उपचार के निर्देश लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने दिये हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही लोक निर्माण मंत्री सिंह ने कलेक्टर राघवेंद्र सिंह से पूरी जानकारी ली। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों से भी चर्चा कर […]

You May Like