इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स ने तत्काल प्रभाव से दिया इस्तीफा

नयी दिल्ली, 10 मार्च (वार्ता) इंडिगो के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पीटर एल्बर्स ने साढ़े तीन साल के कार्यकाल के बाद “निजी कारणों से” मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

एयरलाइन ने मंगलवार को बताया कि निदेशक मंडल ने श्री एल्बर्स का इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है। अंतरिम व्यवस्था के तहत कंपनी के प्रबंध निदेशक राहुल भाटिया एयरलाइंस के प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालेंगे।

अचानक दिये गये इस्तीफे पर विचार करने के लिए निदेशक मंडल की बैठक आज शाम 5.30 बजे शुरू हुई और मात्र 15 मिनट चली।

श्री भाटिया को संबोधित अपने संक्षिप्त त्यागपत्र में श्री एल्बर्स ने लिखा कि वह “निजी कारणों से” इस्तीफा दे रहे हैं। उन्होंने आज ही पदमुक्त करने का अनुरोध किया था। वह सितंबर 2022 से इस पद पर थे। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान मिले समर्थन के लिए निदेशक मंडल को धन्यवाद दिया है।

कंपनी की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि नये सीईओ के नाम की घोषणा जल्द की जायेगी।

उल्लेखनीय है कि श्री एल्बर्स के कार्यकाल में इंडिगो ने अपने बेड़े और नेटवर्क में काफी विस्तार किया। हालांकि पिछले साल दिसंबर के पहले सप्ताह में एक अभूतपूर्व घटनाक्रम में इंडिगो के परिचालन में बड़ा व्यवधान आया और हजारों की संख्या में उड़ानें रद्द हुईं, लाखों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा और हजारों यात्री देश के विभिन्न हवाई अड्डों पर लंबे समय तक फंसे रहे।

इस घटना के बाद नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने एयरलाइन पर कुल 22.20 करोड़ रुपये जुर्माना लगाया था। श्री एल्बर्स को आगाह करके छोड़ दिया गया था जबकि मुख्य परिचालन अधिकारी इसिडर पोरक्रस को चेतावनी जारी की थी और वरिष्ठ उपाध्यक्ष (ऑपरेशन्स कंट्रोल सेंटर) जैसन हर्टर को पद से हटाने आदेश दिया गया था।

 

Next Post

चावल नरम; गेहूं मजबूत; दालों, खाद्य तेलों में घट-बढ़

Tue Mar 10 , 2026
नयी दिल्ली, 10 मार्च (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में मंगलवार को चावल के औसत भाव टूट गये। वहीं, गेहूं में तेजी रही। चीनी के भाव कमोबेश स्थिर रहे जबकि दालों और खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव का रुख रहा। औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत नौ रुपये घटकर 3,847 […]

You May Like