
ग्वालियर, डबरा-चिनौर रोड पर शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने बाइक सवार पति-पत्नी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दंपती उछलकर सड़क से दूर जा गिरे। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार हादसा भितरवार अनुभाग के छीमक गांव के पास हुआ। ईटमा गांव के निवासी गजेंद्र दुबे अपनी पत्नी लक्ष्मी दुबे के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। सड़क पर घायल अवस्था में पड़े दंपती को देख वहां से गुजर रहे जिला पंचायत सदस्य सूर्यभान रावत ने मानवता की मिसाल पेश की।
उन्होंने तत्काल अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी रोकी और दोनों घायलों को अपनी गाड़ी में बैठाकर डबरा सिविल अस्पताल पहुंचाया। सिविल अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया गया। दोनों का ग्वालियर के अस्पताल में उपचार जारी है।
हादसे के बाद टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस द्वारा फरार वाहन और चालक की तलाश की जा रही है।
इस संबंध में जिला पंचायत सदस्य सूर्यभान रावत ने बताया कि उन्होंने सड़क पर हादसा देखा तो तुरंत गाड़ी रोककर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने लोगों से अपील की कि सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को देखकर मदद के लिए जरूर रुकें, क्योंकि समय पर मिली मदद किसी की जान बचा सकती है।
