सेंट जोसेफ सेमीनरी में धर्मांतरण की जांच में सभी बच्चे और उनके माता पिता ईसाई पाए गए

ग्वालियर: ग्वालियर शहर मे बड़ागांव स्थित बिशप हाउस पर आदिवासी बच्चों के धर्मांतरण की खबर से भोपाल तक हल्ला मच गया। इंटेलिजेंस के कान खड़े हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए धर्मांतरण की सूचना प्राप्त होने पर जिला प्रशासन की तीन सदस्यीय जाँच कमेटी ने पड़ताल की। जाँच समिति को पाँच दिवस में जाँच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश जारी किए गए हैं।एडीएम सी बी प्रसाद ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने पर एक तीन सदस्यीय जाँच समिति का गठन किया गया है।

इस कमेटी में मुरार एसडीएम नरेशचंद गुप्ता, एसडीओपी बेहट मनीष यादव एवं रजिस्ट्रार फर्म एण्ड सोसायटी ग्वालियर बाबूलाल सोलंकी को रखा गया है। गठित समिति के सदस्यों को निर्देशित किया गया है कि उपरोक्त विषय के संबंध में प्राप्त शिकायत के आधार पर जांच कर अपना प्रतिवेदन पाँच दिवस में जिला प्रशासन को प्रस्तुत करें। मामला बड़े स्तर पर आदिवासी बच्चों को ईसाई बनाए जाने का सामने आया था। इस वजह से प्रशासन हर कदम फूंक फूंककर रख रहा है।

जाँच कमेटी के आदेश के उपरांत समिति के सदस्य नरेशचंद गुप्ता एवं एसडीओपी बेहट मनीष यादव द्वारा मुरार तहसील के बड़ागांव ग्राम खेरियामोदी में स्थित सेंट जोसेफ सेमीनरी में शिकायत की जांच की गई। सेंट जोसेफ सेमीनरी के प्रभारी फादर हर्सल ए. एक्स ने बताया कि वर्तमान में संस्था में 23 बच्चे प्रशिक्षु निवासरत हैं, सभी प्रशिक्षु बच्चे दसवीं कक्षा पास हैं। जाँच कमेटी को संस्था द्वारा उपलब्ध कराए गए सभी बच्चों के दस्तावेजों के प्रारंभिक परीक्षण में सभी बच्चों का ईसाई धर्म से संबंध होना पाया गया है।

कई घंटे की जांच पड़ताल के बाद एसडीएम एनसी गुप्ता और मुरार के सीएसपी मनीष यादव ने बताया कि यहां धर्मांतरण के आरोप गलत और भ्रामक हैं। जांच से पता चला कि यहां पढ़ रहे सभी के माता पिता ईसाई हैं और ये सब कैथोलिक हैं, जिनकी पुष्टि डॉक्युमेंट से हो गई है। हाई स्कूल के बाद बच्चे अपनी स्किल डेवलपमेंट और भाषा की ट्रेनिंग के लिए पहुंचे थे। इसके बावजूद गंभीरता को देखते हुए प्रशासन गहन जांच आगे किए जाने की बात कर रहा है। हालांकि अभी इस तरह के कोई सबूत प्रशासन को नहीं मिले हैं फिर भी धर्मांतरण की इस खबर ने पूरे मध्यप्रदेश में हलचल मचा दी है।

Next Post

विधान के अतिंम दिन गाजे बाजे के साथ निकली रथयात्रा

Thu Nov 6 , 2025
ग्वालियर: श्री दिगंबर लाला गोकुलचंद जैसवाल जैन मंदिर कमेटी के तत्वाधान में आयोजित श्री 1008 सिध्दचक्र महामंडल विधान एवं विश्वशांति महायज्ञ महोत्सव के अतिंम दिन आज बुधवार को विश्वशांति महायज्ञ कर भगवान जिनेन्द्र की विशाल रथयात्रा गाजेबाजे व धूमधाम के साथ निकाली गई।रथयात्रा से पूर्व पहले विधानाचार्य पंडित मयंक जैन […]

You May Like