नयी दिल्ली, 07 दिसंबर (वार्ता) भारतीय नौसेना ने ऑपरेशन सागर बंधु के तहत चक्रवात प्रभावित श्रीलंका में राहत एवं बचाव तथा मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (एचएडीआर) प्रदान करने के लिए चार और जहाज तैनात किया है जिनमें आईएनएस घड़ियाल और तीन लैंडिंग क्राफ्ट यूटिलिटी (एलसीयू) 54, 51 और 57 शामिल हैं।नौसेना के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि आईएनएस विक्रांत, आईएनएस उदयगिरि और आईएनएस सुकन्या ने पहले राहत सहायता प्रदान की थी।
तीनों एलसीयू रविवार सुबह कोलंबो पहुंचे जहां उन्होंने श्रीलंकाई अधिकारियों को महत्वपूर्ण राहत सामग्री सौंपी। मानवीय सहायता मिशन जारी रखने के लिए आईएनएस घड़ियाल सोमवार को त्रिंकोमाली पहुंचेगा। प्रवक्ता ने कहा कि 1,000 टन आपूर्ति सामग्रियों के साथ जहाजों की यह तैनाती भारत और श्रीलंका के बीच मजबूत संबंधों तथा हिंद महासागर क्षेत्र के पड़ोसियों को समय पर मानवीय सहायता प्रदान करने की भारतीय नौसेना की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करती है।

