सीधी। जिले के कुसमी थानांतर्गत कुन्दौर गांव में एक गुफा से कंकाल मिलने से हड़कंप मच गया। बुधवार को जंगल के माटी डोंगर पहाड़ पर कंबल में लिपटा यह शव बरामद हुआ। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां जांच में कंकाल की पहचान करीब 15 दिन से लापता गुड़िया बैगा के रूप में हुई। पुलिसकर्मी महिला की लाश को कंधे पर लाद कर जंगल से बाहर लाए। यह गुफा सीधी जिला मुख्यालय से लगभग 80 किलोमीटर दूर घने जंगलों और पहाड़ियों के बीच स्थित है, जहां पहुंचना दुर्गम है। ग्रामीणों ने दोपहर में गुफा के भीतर कंबल में लिपटा शव देखा और पुलिस को सूचित किया। पोड़ी चौकी और कुसमी थाना पुलिस जब मौके पर पहुंची और कंबल हटाया, तो शव पूरी तरह सड़-गलकर कंकाल में बदल चुका था। ग्रामीणों ने उसकी पहचान गुड़िया बैगा के तौर पर की। ग्रामीण सत्यवान बैगा ने बताया कि गुड़िया लगभग 15 दिनों से लापता थी। उनका पति बुद्धसेन बैगा भी पिछले दो दिनों से गांव में नहीं दिख रहा है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि पत्नी के लापता होने के बाद बुद्धसेन ने न तो उसे खोजने का प्रयास किया और न ही किसी को इसकी सूचना दी, जिससे मामले में संदेह बढ़ गया है। घटनास्थल पर थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी और चौकी प्रभारी डीके रावत सहित पुलिस टीम मौजूद रही । लगभग 30 वर्षीय महिला की मौत के इस मामले की जांच जारी है।
इनका कहना है-
ग्रामीणों ने शव की पहचान गुड़िया बैगा के रूप में की है। महिला की हत्या की आशंका है। शव काफी पुराना है और उसे कंबल में लपेटकर गुफा में रखा गया था। पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। मौत के कारणों और घटनाक्रम का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
अरुणा द्विवेदी, थाना प्रभारी कुसमी
