ब्रुसेल्स, 09 जुलाई (वार्ता) यूरोपीय संघ (ईयू) ने गुरुवार को मानव तस्करी, प्रवासियों की अवैध तस्करी, हथियारों की तस्करी, मादक पदार्थों की तस्करी सहित संगठित अपराधों के अन्य गंभीर रूपों से निपटने के लिए एक नयी प्रतिबंध प्रणाली का प्रस्ताव रखा है।
इस प्रस्तावित ढांचे का उद्देश्य आपराधिक नेटवर्कों की गतिविधियों को प्रतिबंधित करना, उनकी संपत्तियों को ‘फ्रीज’ करना और उनके वित्तीय माध्यमों को बंद करके उनके संचालन को पूरी तरह से ठप करना है। यह पहल उन व्यक्तियों और संगठनों को लक्षित करती है जो संगठित आपराधिक गतिविधियों में शामिल हैं और यूरोपीय संघ की सुरक्षा, मूल्यों तथा अंतर्राष्ट्रीय स्थिरता के लिए खतरा पैदा करते हैं।
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा कि इस नयी प्रतिबंध प्रणाली का उद्देश्य प्रवासियों की तस्करी करने वालों और मानव तस्करों के व्यावसायिक मॉडल को ध्वस्त करना है। उन्होंने कहा, “आज हम प्रवासियों के तस्करों और मानव तस्करों के खिलाफ एक नयी प्रतिबंध प्रणाली पेश कर रहे हैं। हमारा एक ही साझा लक्ष्य है- उनके अवैध कारोबार को बंद करना और उन हजारों लोगों की जान बचाना जो एक बेहतर जिंदगी का सपना देखते हैं।”
यूरोपीय आयोग के अनुसार, तस्करी में शामिल आपराधिक नेटवर्क कानून के शासन को कमजोर करते हैं, आर्थिक स्थिरता को प्रभावित करते हैं और सुरक्षा के लिए एक बड़ी चुनौती पेश करते हैं। हालांकि पिछले दो वर्षों में यूरोपीय संघ में अवैध रूप से आने वाले लोगों की संख्या में 50 प्रतिशत से अधिक की कमी आई है, फिर भी कई लोग तस्करों के हाथों अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। यह प्रस्ताव वॉन डेर लेयेन द्वारा वर्ष 2025 के ‘स्टेट ऑफ द यूनियन’ संबोधन के दौरान की गयी घोषणा के बाद आया है, जिसमें उन्होंने तस्करों के खिलाफ एक समर्पित ईयू प्रतिबंध प्रणाली की मांग की थी।
प्रस्तावित उपायों के तहत, यूरोपीय संघ प्रतिबंधित व्यक्तियों और संगठनों की संपत्ति ‘फ्रीज’ करने तथा उन्हें धन या आर्थिक संसाधन देने पर रोक लगाने में सक्षम होगा। इसके अलावा, इसमें यात्रा प्रतिबंध भी शामिल होंगे जो सूचीबद्ध व्यक्तियों को यूरोपीय संघ के सदस्य देशों में प्रवेश करने या वहां से गुजरने से रोकेंगे।
इस प्रतिबंध प्रणाली के दायरे में प्रवासियों की तस्करी, मानव तस्करी, मादक पदार्थों से जुड़ी गतिविधियां, हथियारों का अवैध निर्माण व तस्करी और धन शोधन शामिल होंगे।
यूरोपीय संघ ने कहा कि इन उपायों को समन्वित तरीके से लागू किया जाएगा और यह सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से समीक्षा की जाएगी कि वे प्रभावी और आनुपातिक बने रहें। इस प्रस्ताव पर अब यूरोपीय संघ परिषद द्वारा चर्चा की जाएगी और इसे लागू करने से पहले सभी सदस्य देशों की सर्वसम्मत मंजूरी की आवश्यकता होगी।
यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख काजा क्लास ने कहा कि प्रवासियों की तस्करी, हथियारों की अवैध आमद और धन शोधन नागरिकों की सुरक्षा तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं के लिए खतरा हैं। उन्होंने कहा कि नया ढांचा आपराधिक नेटवर्कों के वित्तपोषण और उनकी सीमाओं के पार काम करने की क्षमता को निशाना बनाएगा। उन्होंने कहा, “हम इन अपराधों को और अधिक कठिन, जोखिम भरा और बेहद कम मुनाफे वाला बना देंगे।”
संघ के आंतरिक मामलों और प्रवासन के आयुक्त मैग्नस ब्रूनर ने कहा कि यह प्रतिबंध पहली बार होगा जब ईयू मानवीय शोषण से लाभ कमाने वालों को निशाना बनाने के लिए एक समर्पित प्रणाली पेश कर रहा है।
संघ की वित्तीय सेवाओं की आयुक्त मारिया लुइस अल्बुकर्क ने कहा कि ये प्रतिबंध यूरोपीय संघ की धन के लेन-देन पर नजर रखने, वित्तीय गतिविधियों को बाधित करने और कमजोर लोगों के शोषण से मुनाफा कमाने वाले आपराधिक समूहों की कमर तोड़ने की क्षमता को मजबूत करेंगे।
