इंदौर: ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म की आड़ में सट्टेबाजी संचालित करने वाले गिरोह के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपी अलग-अलग ऑनलाइन एक्सचेंज की आईडी बनाकर सट्टेबाजों को उपलब्ध कराते थे. सट्टे की रकम के लेन-देन के लिए दूसरे लोगों के नाम पर संचालित म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल किया जा रहा था. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और 8 एटीएम कार्ड जब्त किए हैं.
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने कार्रवाई कर शाजापुर निवासी कुलदीप धनावत और बड़नगर निवासी महावीर हर्षवाल को पकड़ा. पूछताछ में सामने आया कि दोनों क्रेटाबेट, पाब्लो 247 और लोटस 265 जैसे ऑनलाइन एक्सचेंज से जुड़ी आईडी बनाकर सट्टेबाजों को उपलब्ध कराते थे. इसके जरिए ऑनलाइन सट्टेबाजी का संचालन किया जा रहा था. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सट्टे की रकम का लेन-देन छिपाने के लिए दूसरे लोगों के नाम पर बने बैंक खातों का इस्तेमाल करते थे.
पुलिस ने इनके कब्जे से अलग-अलग बैंकों के 8 एटीएम कार्ड भी बरामद किए हैं. जब्त मोबाइल फोन और लैपटॉप की जांच कर पुलिस ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क और वित्तीय लेन-देन से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है. क्राइम ब्रांच ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पब्लिक गैंबलिंग एक्ट, दूरसंचार अधिनियम और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है.
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के साथ ही उनके डिजिटल उपकरणों का फॉरेंसिक विश्लेषण कर रही है. एडिशनल डीसीपी अपराध राजेश दंडोतिया ने बताया कि ऑनलाइन सट्टे के लिए आईडी उपलब्ध कराने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से मोबाइल, लैपटॉप और एटीएम कार्ड मिले हैं. जब्त उपकरणों और बैंक खातों की जांच के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है.
