इंदौर: शासकीय होलकर विज्ञान महाविद्यालय में विद्यार्थियों के सुगम आवागमन को लेकर राजपूत करणी सेना छात्र संगठन ने महाविद्यालय के पीछे स्थित बंद गेट को पुनः विद्यार्थियों के लिए खोलने की मांग उठाई है.संगठन का कहना है कि गेट बंद होने से आसपास के छात्रावासों एवं विद्यार्थी निवास क्षेत्रों से कॉलेज आने-जाने वाले विद्यार्थियों को रोजाना अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है.
श्री राजपूत करणी सेना के नगर अध्यक्ष नितिन पाल सिंह जादोन के अनुसार, महाविद्यालय के पीछे बड़ी संख्या में छात्रावास और विद्यार्थियों के रहने की व्यवस्थाएं हैं. इन स्थानों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी कॉलेज पहुंचते हैं. पीछे का गेट बंद होने के कारण विद्यार्थियों को मुख्य मार्ग से होकर आवागमन करना पड़ता है, जिससे उन्हें अतिरिक्त समय और दूरी तय करनी पड़ रही है. संगठन का कहना है कि नियमित रूप से महाविद्यालय आने वाले विद्यार्थियों के लिए पीछे स्थित गेट एक सुविधाजनक और महत्वपूर्ण आवागमन मार्ग है.
इसके बंद रहने से विद्यार्थियों को विशेष रूप से आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. छात्र संगठन ने इसे छात्रहित से जुड़ा विषय बताते हुए महाविद्यालय प्रशासन से शीघ्र उचित निर्णय लेने की मांग की है. वहीं, छात्र संगठन मंत्री श्याम शुक्ला ने महाविद्यालय प्रशासन से कहा कि विद्यार्थियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पीछे के गेट को नियमित रूप से आवागमन के लिए खोला जाना चाहिए. विद्यार्थियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए गेट खोलने की मांग की. छात्र संगठन ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों को अनावश्यक रूप से लंबी दूरी तय न करनी पड़े और उनका समय बचे, इसके लिए पीछे के गेट का नियमित संचालन छात्रहित में आवश्यक है.
