दूध के भाव पर उबाल, वार्षिक सभा का बहिष्कार कर किसानों ने की नारेबाजी

इंदौर: दूध के भाव बढ़ाने की मांग को लेकर इंदौर संभाग के दूध उत्पादक किसानों का आक्रोश अब सड़क से वार्षिक साधारण सभा तक पहुंच गया. मांगलिया दुग्ध संघ की वार्षिक साधारण सभा में बड़ी संख्या में पहुंचे दूध उत्पादकों ने भाव बढ़ाने की मांग पूरी नहीं होने पर सभा का बहिष्कार कर दिया और दुग्ध डेयरी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की. किसानों का कहना था कि कम बारिश और बढ़ती लागत के बीच मौजूदा दूध दर से पशुपालन करना मुश्किल हो रहा है.

देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के खंडवा रोड स्थित तक्षशिला परिसर में हुई सभा में बड़वानी, अलीराजपुर, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, धार और बुरहानपुर सहित दूरदराज के क्षेत्रों से दूध उत्पादक प्रतिनिधि पहुंचे थे. दूध उत्पादक किसान संगठन के नेता हंसराज मंडलोई के अनुसार, संगठन पिछले कई दिनों से दूध के भाव बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहा है. सभा में भी किसानों ने 12 रुपए प्रति फैट की दर घोषित करने की मांग रखी.

किसानों ने आरोप लगाया कि उनकी मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने से वे निराश हुए और सभा का बहिष्कार किया. बुरहानपुर के किसानों ने महाराष्ट्र में दूध की दरों का हवाला देते हुए कहा कि सीमा से लगे राज्यों में किसानों को अधिक भाव मिल रहा है, जबकि इंदौर दुग्ध संघ में उनकी उपेक्षा की जा रही है. मंडलोई ने दुग्ध संघ के महाप्रबंधक मिश्रा को तत्काल हटाने की मांग भी उठाई. साथ ही दुग्ध संघ की प्राथमिक समितियों के चुनाव कराने की मांग की गई. संगठन ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा.
सभा के दौरान दुग्ध संघ के प्रतिनिधि राजेंद्र सिंह के खिलाफ भी किसानों ने नारेबाजी की. संगठन से जुड़े प्रहलाद जाट, राजेश दांगी, दशरथ सिंह मुरादपुरा, अशोक चौहान, सत्यनारायण, गणेश, समर सिंह सोलंकी, राधेश्याम पवार, रंजीत दांगी सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे.

Next Post

भूकंप-भूस्खलन पर शोध ने दिलाया वैश्विक सम्मान, आईआईटी इंदौर की प्रो. नीलिमा को मिलेगा प्रतिष्ठित मेडल

Thu Oct 1 , 2026
इंदौर: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान आईआईटी इंदौर की सिविल इंजीनियरिंग विभाग की प्रोफेसर नीलिमा सत्यम देवरकोंडा को भू-जोखिम के क्षेत्र में उल्लेखनीय शोध के लिए अमेरिकन जियोफिजिकल यूनियन के 2026 देवेंद्र लाल मेमोरियल मेडल के लिए चुना गया है. पृथ्वी एवं अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट शोध के लिए दिए […]

You May Like