
श्योपुर/विजयपुर। पार्वती-बड़ौदा पुल से करीब 200 मीटर दूर विजयपुर की ओर बुधवार को बोलेरो और मोटरसाइकिल की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार पत्रकार दिलीप और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विजयपुर पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, पत्रकार दिलीप अपनी पत्नी के साथ अगरा से विजयपुर की ओर मोटरसाइकिल से आ रहे थे। इसी दौरान विजयपुर की ओर से जा रही बोलेरो से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया है कि हादसे में दिलीप के दोनों हाथों और पैर में फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है, जबकि उनकी पत्नी के कमर में फ्रैक्चर बताया जा रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विजयपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने दिलीप और उनकी पत्नी को बेहतर उपचार के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया। हादसे की सूचना के बाद पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
