
जबलपुर। नगरीय निकायों की दुकानों एवं अन्य संपत्तियों से किराया वसूली के लिए बड़े बकायादारों को नोटिस जारी कर नियमानुसार राजस्व वसूली की कार्रवाई करें। यह बातें कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने जिले के सभी नगरीय निकायों में चल रहे निर्माण एवं विकास कार्योंकी समीक्षा बैठक के दौरान कहीं ।उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने, गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की हिदायत भी इन अधिकारियों को दी है।
कलेक्टर सिंह ने अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत जिले के शहरी क्षेत्रों में संचालित परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए प्रगतिरत कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में जल प्रदाय योजनाओं की समीक्षा के दौरान कलेक्टर सिंह ने पाइपलाइन बिछाने के कार्यों को तेजी से पूरा करने की हिदायत दी । उन्होंने कहा कि मुख्य मार्गों पर आवश्यकतानुसार रात के समय पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जाए, ताकि आवागमन प्रभावित न हो। शहपुरा-भिटौनी जल प्रदाय योजना तथा बरेला-नर्मदा नदी जल प्रदाय योजना की प्रगति की जानकारी भी बैठक में ली गई। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रथम एवं द्वितीय चरण के अंतर्गत आवास निर्माण और आवेदनों के सत्यापन की स्थिति का ब्यौरा कलेक्टर ने लिया। बैठक में अर्बन चैलेंज फंड के संबंध में भी जानकारी दी गई। इसके अंतर्गत शहरी विकास कार्यों के लिए बाजार आधारित संसाधन जुटाने सहित अन्य प्रावधानों और इसकी परिचालन अवधि पर चर्चा की गई।उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगरीय निकायों के अधिकारी नियमित रूप से डंपिंग साइट्स का निरीक्षण करें। कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न हुई इस बैठक में अपर कलेक्टर रविशंकर राय, कार्यपालन यंत्री नगर निगम कमलेश श्रीवास्तव, जिला शहरी विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी तथा सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी भी मौजूद थे।
