
जबलपुर। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के सुचारू संचालन और उसके डिपो निर्माण के लिए उपयुक्त स्थल का चयन करने के उद्देश्य से क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ डिपो निर्माण की भावी कार्ययोजना पर विचार किया। इस अवसर पर उन्होंने निर्देशित किया कि आरटीओ परिसर में लंबे समय से खड़े पुराने एवं अनुपयोगी वाहनों की नीलामी प्रक्रिया शुरू की जाए, जिससे परिसर का बेहतर उपयोग हो सके और मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के डिपो के लिए पर्याप्त स्थान सुनिश्चित किया जा सके।
उल्लेखनीय है कि क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय परिसर के आसपास लगभग 15 एकड़ का विशाल भूखंड उपलब्ध है, जिस पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त डिपो विकसित करने की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परिवहन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं सर्वसुलभ बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के अंतर्गत निजी बसों को भी अनिवार्य रूप से टैग करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि यात्रियों को सुव्यवस्थित और बेहतर परिवहन सुविधाएं मिल सकें। इस निरीक्षण के दौरान सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
