
जबलपुर। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने नीमखेड़ा स्थित पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मैस में जाकर भोजन की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने उपस्थित छात्राओं से संवाद कर छात्रावास में मिलने वाले भोजन, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने छात्राओं के विद्यालय तक आवागमन की सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही पढ़ाई-लिखाई के बारे में भी चर्चा की।
कलेक्टर सिंह ने छात्राओं को बेहतर माहौल और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने उक्त पिछड़ा वर्ग कन्या छात्रावास के समीप ही निर्मित ट्रायबल छात्रावास का भी निरीक्षण किया तथा इसके व्यवस्थित संचालन के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
