महिलाओं के साहस पर खड़ी है कांग्रेस

भोपाल: मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया ने कहा है कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का निर्माण महिलाओं के साहस, संघर्ष और नेतृत्व से हुआ है। उन्होंने कहा कि अब महिला कांग्रेस पूरे प्रदेश में महिलाओं के हक और सम्मान की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ेगी। कमजोर वर्ग की महिलाओं के साथ शोषण और अत्याचार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और “आधी आबादी” को पूरा न्याय दिलाने के लिए संगठन प्रतिबद्ध है।

जबलपुर में विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं को संबोधित करते हुए रीना बौरासी ने कहा कि कांग्रेस के 140वें स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी की महिला नेतृत्व की गौरवशाली परंपरा को याद करना जरूरी है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस का गठन वर्ष 1917 में एनी बेसेंट के नेतृत्व में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से हुआ था। इसके बाद 1925 में सरोजिनी नायडू ने कांग्रेस का नेतृत्व किया और 1933 में नीली सेनगुप्ता के नेतृत्व में महिलाओं ने कांग्रेस के बैनर तले सविनय अवज्ञा आंदोलन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि देश में इंदिरा गांधी और कांग्रेस में सोनिया गांधी के नेतृत्व में महिलाओं को समाज की मुख्यधारा में आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण कार्य किया गया।

जबलपुर की हालिया घटनाओं का उल्लेख करते हुए रीना बौरासी ने एक दिव्यांग महिला के कथित अपमान और क्रिसमस के अवसर पर एक नेत्रहीन महिला के साथ हुई अभद्रता को बेहद चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि ये घटनाएं महिलाओं की गरिमा की रक्षा में राज्य सरकार की विफलता को उजागर करती हैं और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने में सरकार की हिचकिचाहट को दर्शाती हैं।

रीना बौरासी ने स्पष्ट किया कि महिला सम्मान के मामलों में महिला कांग्रेस किसी भी तरह की ढिलाई या सहानुभूति नहीं बरतेगी और प्रदेशभर में महिलाओं की इस लड़ाई को और तेज करेगी। जबलपुर प्रवास के दौरान उन्होंने पीड़ित महिलाओं से मुलाकात की, महिला कांग्रेस के कार्यक्रमों में भाग लिया और प्रमुख बुद्धिजीवियों से भी संवाद किया।

Next Post

दक्षिण-पश्चिम विधानसभा में भाजपा संगठन की मजबूती पर मंथन, आगामी कार्यक्रमों को लेकर रणनीति तय

Mon Dec 29 , 2025
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने सोमवार को भोपाल की दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक बैठक कर पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की। बैठक में शक्ति केंद्र संयोजक, पार्षद, मंडल अध्यक्ष एवं प्रमुख कार्यकर्ता शामिल हुए। इस अवसर पर हितानंद […]

You May Like