सिर्फ दो मेकअप रूम थे, करिश्मा कपूर के फैसले ने जीत लिया था शिल्पा शिरोडकर का दिल

शिल्पा शिरोडकर ने गोपी किशन की शूटिंग का एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने कहा कि सिर्फ दो मेकअप रूम होने पर करिश्मा कपूर ने खुद उनके साथ कमरा शेयर करने का फैसला किया।

बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शिरोडकर ने हाल ही में 1994 की सुपरहिट फिल्म ‘गोपी किशन’ की शूटिंग से जुड़ा एक दिलचस्प और अनसुना किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि उस दौर में कलाकारों के लिए आज की तरह वैनिटी वैन की सुविधा नहीं होती थी। शूटिंग के दौरान सीमित संसाधनों में पूरी टीम को काम करना पड़ता था।

रियलिटी शो ‘इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5’ में स्पेशल गेस्ट बनकर पहुंचीं शिल्पा शिरोडकर ने बताया कि ‘गोपी किशन’ की शूटिंग भल्ला बंगले में चल रही थी, जहां पूरी यूनिट के लिए केवल दो मेकअप रूम उपलब्ध थे। उन्होंने कहा कि उस दिन उनका और सुनील शेट्टी का सीन था, इसलिए दोनों के लिए अलग-अलग कमरे तय किए गए थे। लेकिन जब अगले दिन करिश्मा कपूर के शूट पर आने की जानकारी मिली, तो प्रोडक्शन टीम इस बात को लेकर परेशान हो गई कि तीन कलाकारों के लिए सिर्फ दो कमरे कैसे पर्याप्त होंगे।

शिल्पा ने खुद दिया था समाधान
शिल्पा ने बताया कि प्रोडक्शन टीम ने उनसे मदद मांगी। उन्होंने बिना किसी झिझक के सुझाव दिया कि वह और सुनील शेट्टी एक ही मेकअप रूम इस्तेमाल कर लेंगे और बड़ा कमरा करिश्मा कपूर को दे दिया जाए, क्योंकि वह पहली बार उस सेट पर शूटिंग करने आ रही थीं। उनके मुताबिक, उन्हें इस व्यवस्था से कोई परेशानी नहीं थी क्योंकि दोनों कलाकारों को सिर्फ तैयार होना और कॉस्ट्यूम बदलना था।

करिश्मा कपूर ने बदल दी पूरी व्यवस्था
अगले दिन जब करिश्मा कपूर सेट पर पहुंचीं तो उन्होंने पूरी यूनिट से मुलाकात की। कुछ देर बाद उन्हें मेकअप रूम की व्यवस्था के बारे में पता चला। यह जानकर उन्होंने तुरंत सवाल किया कि अगर दो ही कमरे हैं तो सुनील शेट्टी कहां तैयार हो रहे हैं। जब शिल्पा ने पूरी स्थिति बताई, तो करिश्मा ने इस व्यवस्था पर आपत्ति जताई और कहा कि वह खुद शिल्पा के साथ मेकअप रूम शेयर कर लेंगी, जबकि दूसरा कमरा सुनील शेट्टी को दे दिया जाए।

करिश्मा कपूर के बारे में बनी धारणा सही नहीं
शिल्पा शिरोडकर ने कहा कि कई लोग कहते थे कि करिश्मा कपूर सेट पर नखरे करती हैं, लेकिन उन्होंने कभी ऐसा व्यवहार नहीं देखा। साल 1994 में रिलीज हुई ‘गोपी किशन’ का निर्देशन मुकेश दुग्गल ने किया था। फिल्म में सुनील शेट्टी डबल रोल में नजर आए थे, जबकि शिल्पा शिरोडकर और करिश्मा कपूर ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं।

Next Post

विजयवर्गीय इंदौर की उपेक्षा से आहत हैं तो जबलपुर और पूरे महाकौशल में तो बगावत होनी चाहिए: तंखा

Thu Jul 2 , 2026
जबलपुर: मध्य प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को कथित तौर पर लिखे गए पत्र को लेकर अब सियासी पारा चढ़ गया है।राजनीतिक गलियारोंं में चर्चाएं शुरू हो गई हैं। अब राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक्स पर […]

You May Like