
वाशिंगटन, 30 सितंबर (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि वह कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) क्षेत्र की निगरानी के लिए 10 सदस्यों वाली एक समिति गठित करने पर विचार कर रहे हैं।
एआई कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में श्री ट्रंप ने कहा, ” हम एक तरह की समिति बनाने पर भी विचार कर रहे हैं, जिसमें शायद 10 लोग हों… ताकि समिति पूरे क्षेत्र की निगरानी कर सके।”
श्री ट्रंप ने कहा कि एआई मॉडल का इस्तेमाल ‘अच्छे के लिए’ किया जाएगा और यदि उनका दुरुपयोग किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि कंपनियों को बड़े स्तर पर स्व-नियमन की जिम्मेदारी निभानी होगी।
हाल के सप्ताहों में एआई से जुड़े संभावित जोखिमों को लेकर सार्वजनिक बहस तेज हुई है। एंथ्रोपिक के दो कर्मचारियों ने राय व्यक्त की है कि अगले दशक में एआई के मानवता को नष्ट करने की 10 प्रतिशत संभावना है।
एंथ्रोपिक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डारियो अमोदेई ने 12 सितंबर को सुरक्षा संबंधी चिंताओं का हवाला देते हुए अधिक शक्तिशाली एआई मॉडल के विकास में वैश्विक स्तर पर धीमापन लाने की अपील की थी। अमेरिकी अरबपति एलन मस्क और ओपनएआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सैम ऑल्टमैन ने इस विचार का समर्थन किया था।
श्री ट्रंप ने 14 सितंबर को एआई के दुनिया पर कब्जा करने और मानवता को नष्ट करने संबंधी दावों को खारिज करते हुए उन्हें अफवाह बताया था। वह एआई के निरंतर विकास का सार्वजनिक रूप से समर्थन करते रहे हैं और उनका कहना है कि अमेरिका चीन को इस क्षेत्र में आगे निकलने की अनुमति नहीं दे सकता।
