पुराने बस स्टैण्ड से बंद होगा बसों का संचालन

सीधी: पुराने बस स्टैण्ड से बसों का संचालन 1 अक्टूबर से बंद हो जायेगा। कलेक्टर के निर्देश पर 1 जुलाई को पुराना बस स्टैण्ड बंद हुआ था, बाद बस आनर्स एवं व्यापारियों की मांग पर कलेक्टर ने दो माह की मोहलत दी थी।जिला प्रशासन के निर्देशानुसार 1 अक्टूबर 2026 से सीधी जिले की समस्त यात्री बसों का संचालन नवीन बस स्टैंड से शुरू हो जायेगा। अब जिले के विभिन्न मार्गों पर चलने वाली सभी बसें केवल नवीन बस स्टैंड से ही संचालित की जायेंगी। इसके साथ ही पुराने बस स्टैण्ड से बसों का संचालन और सवारी बैठाना पूरी तरह बंद कर दिया जायेगा। पुराने बस स्टैण्ड का संचालन बंद होने के बाद से निश्चित ही कुसमी एवं सरई मार्ग की यात्रा करने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
महुआगांव निवासी पुष्पराज नामदेव ने चर्चा के दौरान कहा कि पुराना बस स्टैण्ड सरई एवं कुसमी मार्ग के लिये काफी सुविधाजनक था। मुख्य बाजार क्षेत्र में पुराने बस स्टैण्ड के होने के कारण लोगों को बाजार संबंधी कार्यों के लिये काफी आरामदेह था। काफी संख्या में उक्त मार्गों के छोटे व्यवसायी भी रोजाना खरीददारी के लिये सीधी बाजार आते थे। अब पुराना बस स्टैण्ड का संचालन बंद हो जाने के बाद से नये बस स्टैण्ड से बसों में आने-जाने के लिये आटो से यात्रा करने का बोझ भी अनावश्यक रूप से बढ़ेगा। वहीं अमिलिया एवं सिहावल के कुछ लोगों का कहना था कि पुराने बस स्टैण्ड से सुबह के समय बस सुविधाजनक रूप से मिलती थी। अब समस्या बढ़ेगी। कुछ यात्रियों का कहना था कि नये बस स्टैण्ड में शाम ढलने के बाद से ही सन्नाटा पसर जाता है ऐसे में रात्रिकालीन बसों की आवाजाही पुराने बस स्टैण्ड क्षेत्र से ही होनी चाहिये।

छोटे व्यवसाइयों की आजीविका पर पड़ेगा भारी असर

पुराना सोनाचंल बस स्टैण्ड के 1 अक्टूबर से बंद होने की घोंषणा के बाद से ही छोटे व्यवसाइयों में भारी मायूसी छाई हुई है। मुख्य बाजार क्षेत्र में पुराना सोनांचल बस स्टैण्ड के होने के कारण यहां सैकड़ों की संख्या में फुटपाथी व्यवसायी अपना व्यवसाय दशकों से कर रहे थे। पुराने बस स्टैण्ड के बंद होने के बाद निश्चित ही उनकी आजीविका पर भारी असर पड़ेगा।

इनका कहना है
पुराने बस स्टैण्ड का संचालन 1 अक्टूबर से कलेक्टर के निर्देशन में संबंधितों को सूचित कर बंद किया जा रहा है। नये बस स्टैण्ड में साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं आज उपलब्ध कराने मैं स्वयं मौके पर अपने अमले के साथ उपस्थित रहा।
महमूद हसन, सीएमओ नपा सीधी

Next Post

प्रधानमंत्री बर्नहैम ने चुनाव प्रणाली में सुधार के लिए राष्ट्रीय आयोग बनाने की घोषणा की

Wed Sep 30 , 2026
लंदन 30 सितंबर (वार्ता) ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम ने देश की चुनाव प्रणाली में सुधार के लिए एक राष्ट्रीय आयोग बनाने की घोषणा की है। श्री बर्नहैम ने मंगलवार को लेबर पार्टी की सालाना कॉन्फ्रेंस में कहा, “मैं चुनाव सुधार पर एक नए राष्ट्रीय आयोग की घोषणा कर रहा […]

You May Like