भोपाल: ऐशबाग स्थित सुदामा नगर में रिटायर्ड दंपती हेमंत बारीक और शकुंतला बारीक की हत्या की गुत्थी तीसरे दिन भी नहीं सुलझ सकी है। हालांकि पुलिस की जांच अब कई अहम सुरागों तक पहुंच चुकी है। घटनास्थल से मिले संकेतों के आधार पर जांच एजेंसियों को शक है कि इस वारदात में किसी करीबी या परिचित व्यक्ति का हाथ हो सकता है।
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद घर का पिछला दरवाजा खुला मिला, जबकि जबरन घर में घुसने के स्पष्ट निशान नहीं मिले। इससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपी को घर की बनावट, आने-जाने के रास्तों और दंपती की दिनचर्या की पूरी जानकारी थी।जांच अब सिर्फ हत्यारे की पहचान तक सीमित नहीं है, बल्कि हत्या के पीछे के मकसद का भी पता लगाया जा रहा है। शुरुआती जांच में संपत्ति विवाद, आर्थिक लेन-देन और व्यक्तिगत संबंधों जैसे पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
मामले की सच्चाई तक पहुंचने के लिए पुलिस 50 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही रिश्तेदारों, पड़ोसियों और दंपती के संपर्क में रहने वाले लोगों से भी लगातार पूछताछ की जा रही है।पुलिस का कहना है कि तकनीकी जांच और जुटाए जा रहे सबूत इस सनसनीखेज डबल मर्डर केस का खुलासा करने में अहम भूमिका निभाएंगे। फिलहाल हर एंगल से जांच जारी है और पुलिस जल्द मामले का पर्दाफाश करने की कोशिश में जुटी है
