नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आज एक ऐतिहासिक समारोह ‘सशक्त नारी, समृद्ध दिल्ली’ आयोजित होने जा रहा है। इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की महत्वाकांक्षी ‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ का औपचारिक उद्घाटन करेंगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि पुरानी लाडली योजना को पुनर्गठित कर अब इसे और अधिक सुदृढ़ बनाया गया है, ताकि बेटियों को उनके भविष्य और उच्च शिक्षा के लिए ठोस आर्थिक आधार मिल सके। यह योजना पूरी तरह डिजिटल होगी और इसका फंड प्रबंधन एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस द्वारा किया जाएगा, जिससे मैच्योरिटी पर राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में जाएगी।
‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ का लाभ उन परिवारों को मिलेगा जो पिछले तीन वर्षों से दिल्ली में रह रहे हैं और जिनकी वार्षिक आय 1.20 लाख रुपये से अधिक नहीं है। योजना के तहत बालिका का जन्म दिल्ली में होना अनिवार्य है और यह लाभ प्रति परिवार दो बेटियों तक सीमित रहेगा। इस नई योजना का दायरा बढ़ाकर अब भारत के किसी भी यूजीसी मान्यता प्राप्त संस्थान से स्नातक या व्यावसायिक डिप्लोमा कर रही छात्राओं को भी शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन से प्रेरित बताते हुए कहा कि यह बेटियों के आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की गारंटी साबित होगी।
इस समारोह के दौरान केवल बेटियों के लिए ही नहीं, बल्कि दिल्ली की महिलाओं के लिए भी एक बड़ी घोषणा होने जा रही है। केंद्र सरकार की ‘वन नेशन, वन कार्ड’ की तर्ज पर दिल्ली सरकार महिलाओं के लिए ‘नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड’ (NCMC) यानी ‘पिंक कार्ड’ की शुरुआत करेगी। राष्ट्रपति मुर्मु द्वारा लॉन्च किया जाने वाला यह कार्ड दिल्ली की महिलाओं को डीटीसी (DTC) बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान करेगा। इस पहल से न केवल महिलाओं का आवागमन सुगम होगा, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की कामकाजी महिलाओं को भी बड़ी राहत मिलेगी।

