नयी दिल्ली, 08 मार्च (वार्ता) टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया ने बताया है कि वह यूरोप के छह शहरों और न्यूयॉर्क, कोलंबो और माले के लिए 10 से 18 मार्च के बीच 78 अतिरिक्त उड़ानों का संचालन करेगी।
एयरलाइंस ने रविवार को एक्सप्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इन उड़ानों में 17,760 सीटें उपलब्ध होंगी। इनमें न्यूयॉर्क को छोड़कर अन्य सभी उड़ानों के लिए नियामकीय मंजूरियां प्राप्त हो गयी हैं।
मुंबई से लंदन के हिथ्रो हवाई अड्डे के लिए दो उड़ानें उपलब्ध होंगी। दिल्ली से न्यूयॉर्क के लिए तीन उड़ानें, लंदन हिथ्रो के लिए चार, फ्रैंकफर्ट के लिए आठ, एम्सटर्डम के लिए तीन, ज्यूरिख के लिए दो, माले के लिए नौ और कोलंबो के लिए आठ उड़ानें होंगी। दिल्ली से पेरिस की एकमात्र उड़ान 15 मार्च को उपलब्ध होगी।
यूरोपीय शहरों के लिए बी787-8 विमान का उपयोग किया जायेगा जबकि माले और कोलंबो के मार्गों पर ए320 निओ विमान का परिचालन होगा।
यदि दिल्ली से न्यूयॉर्क की उड़ान को मंजूरी मिल जाती है तो इस मार्ग पर बी777-300 ईआर विमान का परिचालन किया जायेगा।
